कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि एक बार वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ ब्रिटेन के कैंब्रिज स्थित उस रेस्टोरेंट में पहुंचे थे, जहां उनके माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी पहली बार मिले थे. राहुल ने गर्लफ्रेंड को नहीं बताया था कि वह उन्हें वहां क्यों ले जा रहे हैं. हालांकि, इस मुलाकात से जुड़ी पारिवारिक यादें तो खास थीं, लेकिन वहां का खाना उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आया.
ADVERTISEMENT
राहुल गांधी सोमवार को अपनी मां सोनिया गांधी के संस्मरण Belonging: A Journey of Love के विमोचन कार्यक्रम में बोल रहे थे. इसी दौरान उन्होंने माता-पिता की पहली मुलाकात, उनके रिश्ते और परिवार से जुड़ी कई निजी यादें साझा कीं. उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता की पहली मुलाकात को लेकर परिवार में कई किस्से सुनने को मिलते थे. उन्हीं में से एक कहानी कैंब्रिज के वर्सिटी रेस्टोरेंट की थी.
गर्लफ्रेंड को बिना बताए वर्सिटी रेस्टोरेंट ले गए थे राहुल
राहुल गांधी ने बताया कि कई साल बाद जब वह कैंब्रिज गए तो उनके मन में उस रेस्टोरेंट को देखने की इच्छा हुई, जहां उनके माता-पिता पहली बार मिले थे. उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा कि चलो वर्सिटी रेस्टोरेंट चलते हैं. हालांकि, गर्लफ्रेंड को इस जगह से जुड़ी पारिवारिक कहानी के बारे में पता नहीं था.
राहुल ने बताया कि रेस्टोरेंट का दरवाजा पीले रंग का था. उन्हें आज भी वह दरवाजा याद है. अंदर जाते समय वहां एक व्यक्ति खड़ा था. उसने पूछा कि कितने लोग हैं? राहुल ने जवाब दिया- दो. इसके बाद उस व्यक्ति ने उन्हें बैठने के लिए कह दिया.
राहुल ने बताया कि सीट पर बैठने के बाद उन्होंने वहां मौजूद व्यक्ति को बताया कि उनके माता-पिता इसी रेस्टोरेंट में मिले थे. ये सुनकर उस व्यक्ति ने कहा कि वह उन्हें जानता है. राहुल ने जब उससे पूछा कि वह उनके माता-पिता के बारे में क्या जानता है तो उसने कहा कि वह उन दोनों को अच्छी तरह पहचानता है. राहुल को ये सुनकर हैरानी हुई.
चिकन चासूर खाने की सलाह
रेस्टोरेंट में बैठने के बाद राहुल गांधी ने वहां मौजूद व्यक्ति से पूछा कि खाने में क्या अच्छा है. उसने उन्हें चिकन चासूर (Chicken Chasseur) खाने की सलाह दी. राहुल ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उसी डिश के दो ऑर्डर दे दिए.
हालांकि, खाना आने के बाद उनका अनुभव अच्छा नहीं रहा. राहुल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर किसी को प्यार में पड़ना है तो वह वर्सिटी रेस्टोरेंट जरूर जाए, लेकिन वहां चिकन चासूर बिल्कुल न खाए.
उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता को उस रेस्टोरेंट का खाना बहुत अच्छा याद था. उन्हें लगता था कि वहां का खाना शानदार होता होगा, लेकिन उनका अपना अनुभव बिल्कुल उलट रहा. राहुल ने हंसते हुए कहा कि वहां का खाना बेहद खराब था.
जब पत्रकार ने गर्लफ्रेंड के बारे में पूछा...
कार्यक्रम के बाद जब पत्रकारों ने राहुल से उनकी गर्लफ्रेंड के बारे में पूछा तो उन्होंने जवाब दिया, 'She is a friend now.' यानी अब वह मेरी दोस्त हैं.
राहुल ने बताया, कैसे एक-दूसरे के करीब रहते थे राजीव और सोनिया गांधी
कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते से जुड़ी कुछ भावुक यादें भी साझा कीं. उन्होंने बताया कि राजीव गांधी और सोनिया गांधी के बीच काफी अपनापन था. परिवार के साथ खाना खाते समय दोनों हमेशा एक-दूसरे के करीब रहते थे.
राहुल ने कहा कि उन्होंने किसी दूसरे घर में ऐसा नहीं देखा था. उनके पिता जब भी खाना खाने बैठते थे तो मां उनकी गोद में बैठी होती थीं. बचपन में उन्हें लगता था कि सभी परिवारों में ऐसा ही होता होगा, लेकिन जब वह अपने दोस्तों के घर गए तो उन्हें पता चला कि दूसरे परिवारों में ऐसा नहीं होता.
राजीव गांधी की हत्या के बाद बदल गई थीं सोनिया गांधी
राहुल गांधी ने अपनी मां की जिंदगी में आए बदलावों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी और फिर राजीव गांधी की हत्या ने परिवार के दो सबसे बड़े सहारे छीन लिए थे.
राहुल के मुताबिक, राजीव गांधी की हत्या के बाद उनकी हंसमुख और लोगों से खुलकर बातचीत करने वाली मां बदल गई थीं. उन्होंने कहा कि पहले सोनिया गांधी काफी मिलनसार थीं और हर किसी से सहजता से बात करती थीं, लेकिन पति की हत्या के बाद वह धीरे-धीरे खुद में सिमट गईं.
राहुल ने कहा कि उनकी मां के जीवन से जैसे खुशियां चली गई थीं. उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा, 'हंसने-मुस्कुराने वाली मां कहीं गायब हो गई थीं. उनकी जगह एक नई मां आ गई थीं, क्योंकि उनकी जिंदगी की लौ बुझ चुकी थी.'
उन्होंने बताया कि देश के लोगों, खासकर गांवों में रहने वाले लोगों ने सोनिया गांधी को फिर से समाज से जुड़ने में मदद की. लोगों ने उन्हें अपनापन दिया और महसूस कराया कि वह भी इसी देश का हिस्सा हैं. राहुल ने कहा कि लोगों ने उनकी मां से कहा कि आप हमारी हैं. इस अपनापन ने उन्हें दोबारा लोगों के बीच आने और अपनी जिंदगी को आगे बढ़ाने की ताकत दी.
ADVERTISEMENT











