प्लेन क्रैश में अजित पवार के निधन की खबर सुनते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने कही ये बात, X पर आया उनका पोस्ट

यूपी तक

28 Jan 2026 (अपडेटेड: 28 Jan 2026, 11:27 AM)

Ajit Pawar Plane Crash: सीएम योगी ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'महाराष्ट्र के बारामती में हुए दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री श्री अजित पवार जी एवं अन्य सदस्यों का निधन अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं.

CM Yogi on Ajit Pawar

CM Yogi on Ajit Pawar

Google CTA

Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र की राजनीति से बुधवार सुबह एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आई है. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (66) और चार अन्य लोगों की पुणे जिले में एक प्लेन क्रैश में मौत हो गई. अधिकारियों ने बुधवार सुबह इस घटना की पुष्टि की. इस दुखद हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की एक्स पर एक पोस्ट सामने आई है. सीएम योगी ने अजीत पवार के निधन पर शोक जताया है. 

यह भी पढ़ें...

सीएम योगी ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'महाराष्ट्र के बारामती में हुए दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री श्री अजित पवार जी एवं अन्य सदस्यों का निधन अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति.'

अजित पवार का प्लेन कैसे क्रैश हुआ?

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब अजित पवार और अन्य लोगों को ले जा रहा विमान बारामती के पास लैंड कर रहा था. फ्लाइट रडार के आंकड़ों के अनुसार, इस विमान ने सुबह 8:10 बजे मुंबई से उड़ान भरी थी और सुबह लगभग 8:45 बजे यह रडार से गायब हो गया. पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह 8:50 बजे जब विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, तब उसमें कुल पांच लोग सवार थे. हादसे के तुरंत बाद विमान में आग लग गई. पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने जानकारी दी कि क्रैश के बाद विमान में आग लग गई थी और सवार लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

खराब दृश्यता (Poor Visibility) बनी वजह

पीटीआई के सूत्रों के अनुसार, लैंडिंग की कोशिश करने से पहले विमान के पायलट ने रनवे के पास 'पुअर विजिबिलिटी' (कम दृश्यता) होने का जिक्र किया था. दुर्घटनाग्रस्त विमान एक 'लियरजेट 45' (LJ45) था, जो बॉम्बार्डियर एयरोस्पेस के लियरजेट डिवीजन द्वारा निर्मित एक मिड-साइज बिजनेस जेट है. यह विमान बारामती हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान रनवे से बाहर निकल गया और आग की लपटों में घिर गया.

चुनावी रैली के लिए जा रहे थे बारामती

अजित पवार 5 फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनावों के प्रचार के लिए जनसभाओं को संबोधित करने मुंबई से बारामती जा रहे थे. अजीत पवार के परिवार में उनकी पत्नी सुनेत्रा (राज्यसभा सदस्य) और उनके दो बेटे पार्थ और जय हैं. हाल ही में हुए पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ नगर निगम चुनावों में अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने उनके चाचा शरद पवार की पार्टी NCP (SP) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था.