यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने अंडमान निकोबार के लेफ्टिनेंट गवर्नर

यूपी तक

• 07:21 AM • 06 Sep 2026

बीजेपी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को नई जिम्मेदारी मिली है. राष्ट्रपति ने उन्हें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया है.

BJP Rajya Sabha MP Dinesh Sharma Appointed Andaman & Nicobar LG

BJP Rajya Sabha MP Dinesh Sharma Appointed Andaman & Nicobar LG

Google CTA

Dinesh Sharma News: बीजेपी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को नई जिम्मेदारी मिली है. राष्ट्रपति ने उन्हें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया है. राष्ट्रपति भवन की ओर से शनिवार देर रात उनकी नियुक्ति की जानकारी दी गई. जारी विज्ञप्ति में कहा गया, “भारत की राष्ट्रपति ने डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया है. उनकी नियुक्ति उस तारीख से प्रभावी होगी, जिस दिन वह अपना पदभार ग्रहण करेंगे.” 

यह भी पढ़ें...

यूपी सरकार में डिप्टी CM की जिम्मेदारी संभाली

दिनेश शर्मा उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं. साल 2017 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनने के बाद उन्हें केशव प्रसाद मौर्य के साथ उत्तर प्रदेश का उपमुख्यमंत्री बनाया गया था. 19 मार्च 2017 को उन्होंने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली. उस समय वह विधानसभा के निर्वाचित सदस्य नहीं थे. बाद में सितंबर 2017 में वह उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य चुने गए. योगी सरकार के पहले कार्यकाल में उनके पास शिक्षा समेत कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी रही.

राज्यसभा सांसद और उपसभापति पैनल में भी रहे

डिप्टी सीएम के कार्यकाल के बाद दिनेश शर्मा को राज्यसभा भेजा गया. 62 वर्षीय दिनेश शर्मा फिलहाल राज्यसभा के सदस्य हैं और उनका कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होने वाला था. वह राज्यसभा के उपसभापति पैनल में भी शामिल रहे हैं. अंडमान और निकोबार के उपराज्यपाल के रूप में नियुक्ति के साथ उनके राजनीतिक सफर में एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी जुड़ गई है.

लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रहे

दिनेश शर्मा का जन्म 12 जनवरी 1964 को लखनऊ में हुआ था. उनके पिता केदार नाथ शर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और जनसंघ से जुड़े हुए थे. दिनेश शर्मा ने लखनऊ विश्वविद्यालय से पढ़ाई की और बाद में इसी विश्वविद्यालय में अध्यापन किया. वह 1992 में लखनऊ विश्वविद्यालय से जुड़े थे और वाणिज्य विभाग में प्रोफेसर रहे. छात्र जीवन से ही उनका राजनीति की ओर रुझान था. उन्होंने RSS से जुड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के जरिए राजनीतिक सफर शुरू किया. इसके बाद वह भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी सक्रिय रहे.

दो बार लखनऊ के मेयर चुने गए

दिनेश शर्मा के राजनीतिक करियर में 2006 में बड़ा मोड़ आया, जब वह पहली बार लखनऊ के मेयर चुने गए. इसके बाद 2012 में उन्होंने दोबारा मेयर का चुनाव जीता. इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के नीरज बोरा को 1.71 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था. 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद पार्टी संगठन में उनका कद और बढ़ा. अगस्त 2014 में उन्हें भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया.