भाजपा ने राज्यसभा के लिए 2 महिलाओं को बनाया उम्मीदवार, प्रियंका रावत और श्रुति गंगवार कौन हैं?

संतोष शर्मा

05 Oct 2026 (अपडेटेड: 05 Oct 2026, 04:43 PM)

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने 8 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं. सूची में दो महिला चेहरे प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार हैं.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए भाजपा ने अपने आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं. पार्टी की सूची में दो महिला चेहरे हैं- प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार. एक पहले लोकसभा सांसद रह चुकी हैं तो दूसरी बीजेपी के पुराने और बड़े राजनीतिक परिवार से आती हैं. दोनों को राज्यसभा का टिकट देकर बीजेपी ने अपनी सूची में महिला प्रतिनिधित्व भी रखा है.

यह भी पढ़ें...

प्रियंका सिंह रावत कौन हैं?

प्रियंका सिंह रावत बाराबंकी से बीजेपी की पूर्व लोकसभा सांसद हैं. उन्होंने 2014 का लोकसभा चुनाव बीजेपी के टिकट पर जीता था. उस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया को हराया था. 2014 से 2019 तक वह बाराबंकी से लोकसभा सांसद रहीं. प्रियंका सिंह रावत ने 2014 में कांग्रेस नेता पीएल पुनिया को 2 लाख वोटो से हराया था. 

2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने बाराबंकी से प्रियंका सिंह रावत की जगह उपेंद्र सिंह रावत को उम्मीदवार बनाया था. इसके बाद वह लोकसभा में नहीं पहुंचीं. अब करीब सात साल बाद बीजेपी ने उन्हें एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी देते हुए उत्तर प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है.

प्रियंका सिंह रावत का जन्म 7 अगस्त 1985 को उत्तर प्रदेश के बरेली में हुआ. उनके पिता का नाम उत्तम राम सिंह और मां का नाम प्रभा सिंह है. शादीशुदा हैं और उनके दो बेटियां हैं. प्रियंका की शादी 5 दिसंबर 2007 को रघुनाथ से हुई थी.

प्रियंका सिंह रावत ने राजनीति विज्ञान में एमए किया है. इसके अलावा उन्होंने मास कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी किया. उनकी पढ़ाई एमजेपी रुहेलखंड यूनिवर्सिटी, बरेली से हुई है. 

श्रुति गंगवार कौन हैं?

दूसरा महिला नाम श्रुति गंगवार का है. वह बीजेपी के वरिष्ठ नेता और झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की बेटी हैं. संतोष गंगवार बरेली से लंबे समय तक बीजेपी की राजनीति में सक्रिय रहे हैं. श्रुति गंगवार भी उत्तर प्रदेश बीजेपी में सक्रिय रही हैं और पिछले कुछ समय में पार्टी के कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी मौजूदगी बढ़ी है. 

श्रुति गंगवार अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक, बरेली में चेयरपर्सन हैं. सामाजिक कार्यकर्ता हैं और IIT पासआउट हैं. बरेली-बहेड़ी क्षेत्र में सामाजिक व राजनीतिक रूप से अत्यधिक सक्रिय हैं.

आठ उम्मीदवारों में दो महिलाएं

बीजेपी की ओर से जारी आठ नामों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं. इनमें प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार महिला उम्मीदवार हैं.

बीजेपी की इस सूची में महिलाओं की हिस्सेदारी आठ में दो है. दोनों की राजनीतिक पृष्ठभूमि अलग है. प्रियंका सिंह रावत चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंच चुकी हैं, जबकि श्रुति गंगवार का राजनीतिक परिचय बीजेपी के वरिष्ठ नेता संतोष गंगवार के परिवार और उत्तर प्रदेश बीजेपी में उनकी सक्रियता से जुड़ा है.

सामाजिक समीकरण भी साधने की कोशिश

महिला प्रतिनिधित्व के साथ बीजेपी ने उम्मीदवारों की सूची में सामाजिक समीकरण का भी ध्यान रखा है. सूची में 3 ओबीसी, 2 एससी और 3 सामान्य वर्ग के चेहरे हैं. ओबीसी में लोधी, पाल और कुर्मी प्रतिनिधित्व बताया गया है, जबकि सामान्य वर्ग में दो ब्राह्मण और एक राजपूत चेहरा शामिल है.

कुल मिलाकर बीजेपी ने राज्यसभा के लिए ऐसे नामों को जगह दी है जिनमें सरकार, संगठन, चुनावी राजनीति और अलग-अलग सामाजिक समूहों का प्रतिनिधित्व दिखाई देता है.  

ये भी पढ़ें - यूपी से भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशियों का ऐलान, धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा समेत 8 नेताओं को मिला टिकट