2 दिन की छुट्टी और EVM खत्म करने का वादा… 2027 से पहले अखिलेश यादव ने खोले सारे पत्ते

संतोष शर्मा

• 04:32 PM • 09 May 2026

UP Politics News: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं. उन्होंने ईवीएम, वोटर लिस्ट, कानून व्यवस्था, बिजली संकट और जेवर एयरपोर्ट जैसे मुद्दों पर बीजेपी सरकार और चुनाव आयोग को निशाने पर लिया.

Akhilesh Yadav File Photo

Akhilesh Yadav File Photo

Google CTA

UP Politics News: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं. उन्होंने ईवीएम, वोटर लिस्ट, कानून व्यवस्था, बिजली संकट और जेवर एयरपोर्ट जैसे मुद्दों पर बीजेपी सरकार और चुनाव आयोग को निशाने पर लिया. साथ ही समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कई नई योजनाओं और सुविधाओं का वादा भी किया. अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में दो दिन का सार्वजनिक अवकाश दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर महाराणा प्रताप की चेतक के साथ भव्य प्रतिमा लगाई जाएगी, जिसमें सोने का भाला भी होगा. उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी क्षत्रिय समाज का सम्मान करेगी.

यह भी पढ़ें...

EVM हटाने की बात दोहराई

अखिलेश यादव ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया काम कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की जा रही है और विपक्ष की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हो रही. उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर के अशिक्षित नंदलाल निषाद के नाम पर फॉर्म-7 भरवाकर वोट काटे गए थे, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कदम नहीं उठाया. सरोजनीनगर में भी एक व्यक्ति के नाम पर सैकड़ों शिकायतें हुईं, लेकिन उस पर भी कार्रवाई नहीं हुई. अखिलेश यादव ने कहा कि जैसे इंग्लैंड में बैलेट पेपर से चुनाव होते हैं, वैसे भारत में भी हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि हम एक दिन EVM को हटाकर रहेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में एक ही नाम के कई वोट जोड़े जा रहे हैं और यह हर विधानसभा क्षेत्र में हो रहा है.

कई मुद्दों पर सरकार को घेरा

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीवाद को बढ़ावा दे रही है और आम जनता महंगाई से परेशान है. उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ सकते हैं. कानून व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जो लोग जीरो टॉलरेंस की बात करते हैं, उन्होंने यूपी में कानून व्यवस्था को जीरो कर दिया है. उन्होंने NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में SC-ST समाज पर सबसे ज्यादा अत्याचार के मामले सामने आए हैं. महिलाओं और शिक्षा को लेकर भी अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो बेटियों की KG से PG तक की पढ़ाई मुफ्त कर दी जाएगी.

जेवर एयरपोर्ट और स्मार्ट मीटर पर भी सवाल

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट का उद्घाटन सिर्फ बेचने के लिए किया गया है और भविष्य में इसे निजी हाथों में सौंप दिया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया और केंद्र से मिलने वाली बिजली का कोटा भी नहीं बढ़वाया, लेकिन लोगों पर स्मार्ट मीटर थोप दिए गए.

INDIA गठबंधन पर भी बोले अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि INDIA गठबंधन मजबूत रहेगा और 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.