आकाश आनंद की बीएसपी में वापसी, मायावती ने फिर बनाया नेशनल कन्वीनर

यूपी तक

• 06:25 PM • 05 Oct 2026

मायावती ने बड़ा फैसला लेते हुए आकाश आनंद को बीएसपी का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कन्वीनर) फिर से नियुक्त कर दिया है. जानिए मायावती के इस फैसले की पूरी वजह.

Mayawati and Akash Anand

Mayawati and Akash Anand

Google CTA

आकाश आनंद की फिर एक बार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में बड़ी जिम्मेदारी के साथ वापसी हो गई है. बसपा चीफ और रिश्ते में आकाश आनंद की बुआ मायावती ने उन्हें राष्ट्रीय संयोजक बनाया है. मायावती की ओर से कहा गया है कि काफी सोच-विचार के बाद पार्टी और मूवमेंट के हित में आकाश आनंद को दोबारा काम करने का मौका दिया जा रहा है. अब उम्मीद जताई जा रही है कि आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद पार्टी में सब कुछ ठीक और सुचारू रूप से चलेगा.

यह भी पढ़ें...

आकाश आनंद के लिए मायावती ने क्या कहा?

मायावती ने कहा कि आकाश आनंद का व्यक्तित्व पार्टी में काफी हद तक ठीक रहा, लेकिन पिछले दिनों कुछ कारणों से संगठन में बदलाव करने पड़े थे. अंततः आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेने के लिए मजबूर होना पड़ा था. अशोक सिद्धार्थ के संन्यास के बाद आकाश आनंद की कार्यशैली में बदलाव देखा गया, जिसका प्रमाण पार्टी में वापसी के लिए सोशल मीडिया पर किया गया उनका हालिया पोस्ट था. पार्टी कार्यकर्ताओं और बीएसपी कैडर के अनुरोध पर, आकाश के पिता आनंद कुमार और छोटे भाई ईशान आनंद की सहमति से मायावती ने आकाश को पुरानी जिम्मेदारियों के साथ फिर से काम करने का मौका दिया है.

ईशान आनंद ने क्या कहा?

इस निर्णय में आकाश के छोटे भाई ईशान आनंद ने भी मिशनरी भावना का परिचय दिया. ईशान ने कहा कि वे बिना किसी पद के ही 'बहनजी' के दिशा-निर्देशन में पूरी ईमानदारी से काम करेंगे. मायावती ने उम्मीद जताई है कि अब पार्टी में सब कुछ सुचारू रूप से चलेगा और बार-बार सांगठनिक फेरबदल की जरूरत नहीं पड़ेगी. हालांकि यह काफी हद तक आकाश आनंद के आचरण पर निर्भर करेगा. मायावती ने आकाश आनंद के उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना करते हुए उन्हें, उनके पिता आनंद कुमार और भाई ईशान आनंद को अपना आशीर्वाद दिया.  साथ ही हर परिस्थिति में साथ देने के लिए बहुजन समाज का आभार व्यक्त किया.

ये भी पढ़ें: मेरी चुप्पी को गलत समझा गया... आकाश आनंद ने मायावती से मांगी माफी, बोले- 'आप मेरी बुआ-मां हैं'