Opinion: 2027 में सपा के मुकाबले अवध में मजबूत दिखता NDA, विकास और समीकरण से मिल रही दोहरी मजबूती

यूपी तक

08 Oct 2026 (अपडेटेड: 08 Oct 2026, 10:53 AM)

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अवध क्षेत्र की सियासत गरमाई. अयोध्या के विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और सामाजिक समीकरणों के दम पर मजबूत NDA के सामने विपक्ष के संघर्ष का विश्लेषण.

सांकेतिक फोटो

सांकेतिक फोटो

Google CTA

Opinion: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. इससे पहले सभी राजनीतिक दल अपने-अपने समीकरण साधने और चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं. यूपी देश का सबसे बड़ा राज्य है, इसलिए यहां क्षेत्रवार रणनीतियों और स्थानीय मुद्दों का चुनावी राजनीति पर बड़ा असर पड़ता है. यही वजह है कि राजनीतिक दल भी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर अपनी रणनीति तैयार करते हैं.

यह भी पढ़ें...

यूपी की सियासत में अवध का अपना खास महत्व है. राम मंदिर निर्माण के बाद इस क्षेत्र का सांस्कृतिक महत्व तो बढ़ा ही है, साथ ही इसका राजनीतिक महत्व भी पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है. मौजूदा राजनीतिक स्थिति को देखें तो NDA इस क्षेत्र में पहले की तुलना में मजबूत दिखाई देता है. इसके मुकाबले मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के सामने अवध में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की चुनौती है.

इसका एक बड़ा कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अवध को लेकर विजन है. योगी सरकार के दौरान इस क्षेत्र में विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जिस तरह जोर दिया गया, उसने अवध की सियासत में विकास को भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा बना दिया है. अवध के केंद्र में अयोध्या है और अयोध्या का विकास योगी सरकार की प्राथमिकताओं में लगातार प्रमुख स्थान पर रहा है.

अयोध्या से अवध के विकास का नया मॉडल

अयोध्या का विकास सिर्फ धार्मिक और सांस्कृतिक परियोजनाओं तक सीमित नहीं रहा. यहां एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, सड़कों के चौड़ीकरण, नए संपर्क मार्गों और शहरी सुविधाओं से जुड़े कई बड़े काम हुए हैं. इसके चलते अयोध्या आज पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिहाज से प्रदेश के प्रमुख शहरों में अपनी अलग पहचान बना रही है.

लेकिन विकास का दायरा सिर्फ अयोध्या तक सीमित नहीं रखा गया. अवध के दूसरे इलाकों में भी स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया. अयोध्या में मेडिकल कॉलेज दिया गया, जबकि सुल्तानपुर, अमेठी, बाराबंकी, रायबरेली समेत कई इलाकों में मेडिकल सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में काम हुआ है. इसके साथ ही सड़कों और कनेक्टिविटी के नेटवर्क को भी मजबूत किया गया है.

इसका राजनीतिक महत्व इसलिए भी है क्योंकि विकास का असर सिर्फ किसी एक विधानसभा सीट तक सीमित नहीं रहता. सड़क, अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, कनेक्टिविटी और पर्यटन से जुड़ा निवेश पूरे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों और लोगों की रोजमर्रा की सुविधाओं को प्रभावित करता है. ऐसे में अवध में विकास का यह एजेंडा चुनावी राजनीति में भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा बन सकता है.

योगी के लिए अवध सिर्फ चुनावी क्षेत्र नहीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राजनीति में अयोध्या और अवध का महत्व केवल चुनावी नजरिए से नहीं देखा जाता. अयोध्या को सांस्कृतिक पहचान और विकास के केंद्र के तौर पर आगे बढ़ाने की नीति सरकार की प्राथमिकताओं में रही है. यही वजह है कि मुख्यमंत्री के दौरों में अयोध्या और अवध से जुड़े विकास कार्य लगातार प्रमुखता से दिखाई देते रहे हैं.

यानी अवध में बीजेपी की रणनीति सिर्फ चुनावी समीकरणों तक सीमित नहीं है. सांस्कृतिक पहचान, विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर-इन तीनों को एक साथ जोड़कर क्षेत्र में अपना आधार मजबूत करने की कोशिश दिखाई देती है.

अवध में NDA पहले से मजबूत

अवध की राजनीति में विकास और सामाजिक समीकरण एक-दूसरे से जुड़े हुए दिखाई देते हैं. एक तरफ बीजेपी अयोध्या को केंद्र में रखकर सांस्कृतिक और विकास का एजेंडा आगे बढ़ा रही है, वहीं दूसरी तरफ संगठन और सहयोगी दलों के जरिए अपने सामाजिक आधार को मजबूत करने की कोशिश कर रही है.

मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की जीत को भी इसी संदर्भ में देखा जा सकता है. उपचुनाव के नतीजे ने अवध में बीजेपी के राजनीतिक आधार को लेकर चर्चा को और तेज किया. इसके अलावा निषाद पार्टी और सुभासपा जैसे सहयोगी दलों का NDA के साथ होना भी इस क्षेत्र में गठबंधन के सामाजिक आधार को व्यापक बनाता है.

अवध के नेताओं का सपा से किनारा*

अवध की राजनीति में एक और महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि क्षेत्र के कुछ प्रमुख नेताओं ने समाजवादी पार्टी से दूरी बनाकर बीजेपी का रुख किया है. इनमें मनोज पांडेय, अभय सिंह और राकेश प्रताप सिंह जैसे नाम शामिल हैं. इन नेताओं का प्रभाव सिर्फ उनकी अपनी विधानसभा सीटों तक सीमित नहीं माना जाता, बल्कि क्षेत्रीय राजनीति में भी उनकी अपनी पहचान रही है.

इन नेताओं के बीजेपी के साथ आने से अवध में सपा के राजनीतिक आधार को लेकर भी सवाल उठते हैं. वहीं, NDA के सहयोगी दलों की मौजूदगी बीजेपी को अलग-अलग सामाजिक समूहों तक पहुंच बनाने में मदद करती है.

विपक्ष के सामने नेतृत्व और संगठन की चुनौती

दूसरी ओर, विपक्ष की स्थिति देखें तो अवध में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के सामने मजबूत राजनीतिक चेहरे और संगठन को लेकर चुनौती दिखाई देती है. सपा के कुछ प्रमुख नेताओं के बीजेपी में जाने के बाद विपक्ष के पास क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ को बनाए रखने और मजबूत करने की चुनौती और बढ़ गई है.

यही वजह है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अवध सिर्फ अयोध्या की सांस्कृतिक राजनीति का केंद्र नहीं रहेगा. यह क्षेत्र विकास, सामाजिक समीकरण, गठबंधन और नेतृत्व- चारों मोर्चों पर राजनीतिक मुकाबले का महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है. फिलहाल NDA के पास जहां अयोध्या के विकास का नैरेटिव, सहयोगी दलों का साथ और क्षेत्रीय नेताओं का समर्थन दिखाई देता है, वहीं विपक्ष के सामने इन समीकरणों के बीच अपनी जमीन मजबूत करने की चुनौती है.

(लेखक डॉ. सुनील कुमार मिश्र, अतर्रा पी.जी. कॉलेज, बांदा में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं. वे समसामयिक विषयों एवं सामाजिक मुद्दों पर लेखन करते हैं.)

(Disclaimer: यहां व्यक्त विचार लेखक की व्यक्तिगत राय हैं.)