यूपी के राज्यसभा चुनाव में 2 निर्दलीय उम्मीदवारों का नामांकन रद्द, BJP और SP के सभी 10 प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय

यूपी तक

• 10:45 AM • 08 Oct 2026

यूपी से राज्यसभा चुनाव की जांच में 2 निर्दलीय प्रत्याशियों का पर्चा खारिज होने के बाद बीजेपी के 8 और सपा के 2 उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय. जानिए पूरी रिपोर्ट.

UP Rajyasabha Election News

UP Rajyasabha Election News

Google CTA

उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के दौरान पर्चों की जांच में दो निर्दलीय उम्मीदवारों का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है. इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के आठ और समाजवादी पार्टी (सपा) के दो उम्मीदवारों के पर्चे सही पाए जाने के बाद, अब सभी 10 प्रत्याशियों का राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें...

किन दो उम्मीदवारों का नामंकन हुआ रद्द?

रिटर्निंग ऑफिसर अजीत वर्मा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि जांच के दौरान दो निर्दलीय उम्मीदवारों कांटे स्याना और ओंकार नाथ चौरसिया के नामांकन पत्र अनिवार्य आवश्यकताओं को पूरा न करने के कारण खारिज कर दिए गए. उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल आठ बीजेपी और दो सपा उम्मीदवारों के ही पर्चे वैध पाए गए हैं. उत्तर प्रदेश से 10 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है, जिसके लिए यह द्विवार्षिक चुनाव आयोजित किया जा रहा है.

क्या अब वोटिंग की जरुरत पड़ेगी?

जांच के बाद अब 10 सीटों के लिए मैदान में ठीक 10 वैध उम्मीदवार ही बचे हैं. ऐसे में यदि 9 अक्टूबर की समय-सीमा तक कोई उम्मीदवार अपना नाम वापस नहीं लेता है, तो सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो जाएंगे. हालांकि मतदान की तारीख 16 अक्टूबर तय की गई थी, लेकिन मौजूदा राजनीतिक समीकरणों और स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने कहा कि अब वोटिंग की जरूरत नहीं पड़ेगी. उल्लेखनीय है कि जब सभी 10 सीटों पर चुनाव होता है, तो उत्तर प्रदेश से एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए उम्मीदवार को विधायकों के न्यूनतम 37 प्रथम वरीयता के वोटों की आवश्यकता होती है.

कौन हैं ये 10 उम्मीदवार?

बीजेपी के आठ उम्मीदवारों में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह, पार्टी ओबीसी मोर्चे के प्रमुख प्रकाश पाल, श्रुति गंगवार, विद्यासागर सोनकर, प्रियंका रावत, राधाकांत ओझा, गोपी कृष्ण पांडेय और राम प्रताप सिंह चौहान शामिल हैं. बीजेपी के इन आठ नामों में दो महिलाएं शामिल हैं और 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अलग-अलग जाति समूहों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व साधने की कोशिश की गई है. वहीं, सपा के दो उम्मीदवारों में पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव और रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी धनराज परिमल नथवानी का नाम शामिल है.

अब हमारी नजर 3 पर नहीं, बल्कि 403 पर है: अखिलेश यादव

इससे पहले कुछ लोगों को उम्मीद थी कि सपा 10वीं सीट के लिए अपना तीसरा प्रत्याशी उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बनाएगी. हालांकि, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को 'X' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "अब हमारी नजर 3 पर नहीं, बल्कि 403 पर है" और इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया. यह नामांकन प्रक्रिया इसलिए भी चर्चा में रही क्योंकि बीजेपी ने अपने सभी आठ निवर्तमान राज्यसभा सदस्यों (जिनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा भी शामिल हैं) में से किसी को भी दोबारा टिकट न देकर पूरी तरह से नए चेहरों को मैदान में उतारा है.