पटना में शराब तस्करी के आरोप में पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवती की पहचान रिया के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह पटना की रहने वाली है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है. पुलिस के मुताबिक, रिया यूपी के वाराणसी से ट्रेन के जरिए शराब की खेप लेकर पटना पहुंची थी.
ADVERTISEMENT
पटना जंक्शन से बाहर निकलने के बाद रिया एक युवक के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही थी. इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान रिया के पास मौजूद हैंड बैग और शोल्डर बैग से अंग्रेजी शराब की कई बोतलें बरामद हुईं.
बैग की तलाशी में मिली शराब
पुलिस के अनुसार, रिया के दोनों बैग से आधा दर्जन से अधिक ब्रांडेड शराब की बोतलें मिलीं. बरामद शराब की कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई है. इसके बाद पुलिस ने शराब की खेप जब्त कर ली और युवती समेत उसके साथी को हिरासत में लेकर कोतवाली थाना पहुंची.
पैसे देने का दिया गया था लालच
पुलिस पूछताछ में रिया ने बताया कि एक परिचित युवक ने उसे रुपये देने का लालच दिया था. आरोप है कि उसी परिचित के कहने पर वह वाराणसी से शराब लेकर पटना पहुंची थी. रिया के मुताबिक, शराब की खेप पटना लाने के बदले उसे पैसे देने की बात कही गई थी.
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रिया को शराब किसने उपलब्ध कराई थी, पटना में यह खेप किसे पहुंचाई जानी थी और इस मामले से जुड़े अन्य लोग कौन हैं.
पहली बार शराब लाने का दावा
पूछताछ के दौरान रिया ने दावा किया कि इससे पहले वह शराब तस्करी में शामिल नहीं रही है. उसने पुलिस को बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है और पटना के एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती है.
ASP लॉ एंड ऑर्डर कोतवाली पटना कृष्ण मुरारी प्रसाद के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए युवती और उसके साथी को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा गया है. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
रिया की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यूपी से शराब पटना तक पहुंचाने के लिए रिया को किसने भेजा था और इस पूरे मामले में और कौन लोग शामिल हैं. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT











