Raebareli News: रायबरेली में स्कूल वैन पलटी, पुलिया से टकराकर झाड़ियों में घुसी,12 छात्र घायल

Newzo

• 02:41 PM • 07 Aug 2026

Raebareli Accident News: ऊंचाहार में स्कूली बच्चों से भरी वैन अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने के बाद पलटकर झाड़ियों में जा घुसी. हादसे में 12 छात्र घायल हुए. ग्रामीणों ने बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी छात्रों को खतरे से बाहर बताते हुए परिजनों के साथ घर भेज दिया गया.

 रायबरेली में स्कूल वैन पलटी, पुलिया से टकराकर झाड़ियों में घुसी,12 छात्र घायल

रायबरेली में स्कूल वैन पलटी, पुलिया से टकराकर झाड़ियों में घुसी,12 छात्र घायल

Google CTA

Raebareli Accident News: ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को चालक की बड़ी लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बच्चों को लेकर स्कूल जा रही एक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से टकराकर पलट गई और झाड़ियों में जा घुसी.दुर्घटना के वक्त वैन में करीब एक दर्जन छात्र सवार थे, जिनमें चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों की त्वरित मदद से सभी घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, वैन शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों को लेकर बीकरगढ़ स्थित 'शिव शिक्षा निकेतन स्कूल' जा रही थी. वैन जैसे ही ऊंचाहार-सलोन मार्ग पर बीकरगढ़ तिराहे के पास पहुंची, तभी चालक के नियंत्रण खोने से वाहन पुलिया से टकराकर पलट गया. हादसा होते ही मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.

चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने निकाला बाहर

घटना के बाद वैन के भीतर से आ रही बच्चों की चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी.मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायल छात्रों को तुरंत सीएचसी ऊंचाहार में भर्ती कराया गया.

हादसे में ये बच्चे हुए घायल

दुर्घटना में प्रियांशी (9), माही (6), स्नेहा (11), नैतिक (10), अनिकेत (13), आदित्य (8), संकल्प (9), आयुषी (8), पलक (8), पायल (7), अहम (14) और आयुषी (5) चोटिल हो गए. सीएचसी में तैनात डॉ. निधि ने बताया कि सभी बच्चों को हल्की व मामूली चोटें आई थीं. प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत पूरी तरह से खतरे से बाहर पाए जाने पर उन्हें परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है.

पुलिस कर रही चालक के खिलाफ कार्रवाई

घटना की वजह चालक की लापरवाही बताई जा रही है. मामले में कोतवाल ओम प्रकाश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है. वाहन को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.