Raebareli UPTET Exam: जनपद में त्रिदिवसीय उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) को नकल विहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. शनिवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने खुद कमान संभालते हुए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया. इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.
ADVERTISEMENT
विभिन्न केंद्रों पर पहुंचे अधिकारी, परखीं व्यवस्थाएं
डीएम और एसपी ने पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और श्री हेमकुंड पब्लिक स्कूल सहित जनपद के कई संवेदनशील परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, सिटिंग प्लान और मुख्य गेट पर तलाशी व्यवस्था को परखा. जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि जनपद के कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर 02, 03 और 04 जुलाई को पांच-पांच पालियों में परीक्षा का सफल आयोजन किया गया. परीक्षा की शुचिता भंग करने वालों से निपटने के लिए सभी केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहे.
आज की परीक्षा: पहली पाली में 1063 अभ्यर्थी रहे नदारद
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ ने परीक्षा के आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को आयोजित पहली पाली की परीक्षा में पंजीकृत कुल 8,544 अभ्यर्थियों में से 7,481 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 1,063 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) संजीव कुमार सिंह सहित शिक्षा विभाग और पुलिस-प्रशासन के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT











