Raebareli News: जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जल निगम (ग्रामीण) ने 'जल सारथी' मोबाइल ऐप लॉन्च किया है. इस ऐप के माध्यम से ग्रामीण अब घर बैठे पेयजल से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे और अपनी क्षेत्रीय जल योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे.
ADVERTISEMENT
जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता रणविजय सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में 'जल सारथी' ऐप का उपयोग करें, ताकि पेयजल संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके.
अधिशासी अभियंता ने बताया कि ऐप के जरिए ग्रामीण अपने गांव की पेयजल योजना की जानकारी देख सकते हैं. यदि जलापूर्ति बाधित हो, पानी की गुणवत्ता में खराबी हो या पाइपलाइन में लीकेज जैसी समस्या सामने आए, तो उसकी शिकायत सीधे ऐप के माध्यम से संबंधित विभाग तक पहुंचाई जा सकती है. इससे शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी और लोगों को बार-बार विभाग के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
जल निगम (ग्रामीण) और जिला प्रशासन ने नागरिकों से इस डिजिटल पहल का लाभ उठाने की अपील की है. 'जल सारथी' ऐप एंड्रॉयड के प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर दोनों पर उपलब्ध है. इसे सीधे डाउनलोड लिंक या क्यूआर कोड स्कैन कर भी इंस्टॉल किया जा सकता है.
ADVERTISEMENT











