उमेश पाल हत्याकांड के जिस आरोपी को ढूंढती रही यूपी पुलिस, 3 साल बाद बिहार की जेल में मिला बंद

यूपी तक

• 04:27 PM • 05 Oct 2026

Umesh Pal Murder Case: उत्तर प्रदेश के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में तीन साल बाद एक अहम जानकारी सामने आई है. पुलिस जिस अरमान को लगातार तलाश रही थी, वह उत्तर प्रदेश में नहीं बल्कि बिहार के गया की जेल में बंद मिला.

Google CTA

Umesh Pal Murder Case: उत्तर प्रदेश के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में तीन साल बाद एक अहम जानकारी सामने आई है. पुलिस जिस अरमान को लगातार तलाश रही थी, वह उत्तर प्रदेश में नहीं बल्कि बिहार के गया की जेल में बंद मिला. पुलिस उमेश पाल हत्याकांड में अरमान को शूटर बता रही है. अब प्रयागराज पुलिस उसे गया से प्रयागराज लाने की तैयारी कर रही है. अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उससे इस मामले को लेकर पूछताछ की जाएगी.

यह भी देखें...

गया की जेल में मिला शूटर

24 फरवरी 2023 को प्रयागराज के सुलेम सराय इलाके में उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनरों की हत्या कर दी गई थी. इस घटना के सीसीटीवी फुटेज में अरमान को बाइक चलाते हुए देखा गया था. वारदात के बाद से ही यूपी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. अब खुलासा हुआ है कि हत्या के कुछ समय बाद ही वह बिहार भाग गया था. वहां गया में फायरिंग के एक अन्य मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था और तब से वह गया की सेंट्रल जेल में ही बंद था.

प्रयागराज पुलिस करेगी अरमान से पूछताछ

बिहार की जेल में अरमान के होने की जानकारी मिलते ही प्रयागराज पुलिस सीधे गया पहुंच गई. पुलिस ने उसकी तस्वीर और अंगूठे के निशान से पहचान पक्की की. अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद अब पुलिस उसे प्रयागराज लाएगी. यहां लाकर पुलिस उससे सीधे पूछताछ करेगी. जांच टीम यह जानने की कोशिश करेगी कि वह बिहार कैसे पहुंचा, हत्या के बाद किसके संपर्क में रहा और 24 फरवरी को हमले की पूरी साजिश किस तरह से तैयार की गई थी.

जया पाल ने मांगी कड़ी सजा

शूटर अरमान के मिलने पर उमेश पाल की पत्नी जया पाल का बयान भी सामने आया है. उन्होंने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार से पूरी उम्मीद है कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा. अरमान के पकड़े जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जिसने भी इतनी निर्मम हत्या की है, उसे इसकी कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि वैसे तो कानून अपनी सजा देगा, लेकिन अपराधियों के साथ 'जैसे को तैसा' वाला सुलूक होना चाहिए ताकि उन्हें अपनी गलती का एहसास हो सके.