Umesh Pal Murder Case: उत्तर प्रदेश के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में करीब तीन साल से फरार चल रहे पांच लाख रुपये के इनामी शूटर अरमान उर्फ अरमान बिहारी को अब प्रयागराज लाए जाने का रास्ता साफ हो गया है. अरमान इस समय बिहार की गया जेल में बंद है. प्रयागराज के धूमनगंज थाने की पुलिस ने उसे गया की अदालत से ट्रांजिट रिमांड पर लेने की अनुमति हासिल कर ली है. अब उसे प्रयागराज लाकर जिला अदालत में पेश किए जाने की तैयारी है. जानकारी के मुताबिक 5 अक्टूबर को अरमान को प्रयागराज की अदालत में पेश किया जा सकता है, जहां उमेश पाल हत्याकांड में उसे न्यायिक रिमांड पर लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT
गया कोर्ट ने खारिज की अरमान की अर्जी
अरमान को प्रयागराज लाने की प्रक्रिया में गया की अदालत में पुलिस की ओर से ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल की गई थी. 30 सितंबर को प्रथम श्रेणी दंडाधिकारी सौरभ कुमार ने अरमान की ओर से दाखिल आवेदन को खारिज करते हुए प्रयागराज पुलिस के आवेदन को मंजूरी दी थी. इसके बाद 1 अक्टूबर को अदालत ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने की अनुमति दे दी. धूमनगंज पुलिस अरमान की पहचान के लिए गया जेल पहुंची थी और इसके बाद उसे प्रयागराज लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई. अदालत ने अरमान की ओर से दाखिल विरोध की अर्जी भी खारिज कर दी.
उमेश पाल हत्याकांड के बाद बिहार पहुंचा था अरमान
उमेश पाल हत्याकांड की विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली थी कि वारदात के कुछ दिनों बाद ही अरमान बिहार के एक मामले में अदालत में सरेंडर कर जेल चला गया था. इससे पहले प्रयागराज पुलिस उसे उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तलाश रही थी. अरमान के बिहार की जेल में बंद होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने गया जेल जाकर उसकी पहचान की. अरमान को पुलिस उमेश पाल हत्याकांड का शूटर और माफिया अतीक अहमद के गिरोह से जुड़ा आरोपी बताती है.
CCTV से सामने आई थी अरमान की पहचान
24 फरवरी 2023 को प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के जयंतीपुर में विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की गोली और बम से हत्या कर दी गई थी. वारदात के बाद सामने आए CCTV फुटेज की जांच में अरमान की पहचान एक शूटर के तौर पर हुई थी. पुलिस के मुताबिक उस पर उमेश पाल और उनके सुरक्षाकर्मियों पर गोली चलाने का आरोप है. मूल रूप से बिहार का रहने वाला अरमान प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में रहता था और वहीं काम करता था.
इन 3 पर दाखिल हुई थी चार्जशीट
उमेश पाल हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने अरमान, गुड्डू मुस्लिम और साबिर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी. तीनों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. हत्याकांड के बाद अरमान प्रयागराज से फरार हो गया था और लंबे समय तक पुलिस उसकी तलाश करती रही. साल 2023 में अरमान के बिहार के सासाराम में किसी पुराने मुकदमे में सरेंडर करने की चर्चा भी सामने आई थी, लेकिन उस समय प्रयागराज पुलिस के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की थी. अब उसके गया जेल में बंद होने की जानकारी सामने आई है.
प्रयागराज लाकर पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
प्रयागराज लाए जाने के बाद अरमान को जिला अदालत में पेश किया जाएगा और उमेश पाल हत्याकांड में न्यायिक रिमांड पर लिए जाने की प्रक्रिया होगी. पुलिस उससे हत्याकांड में उसकी भूमिका, वारदात की साजिश और घटना के बाद उसके ठिकानों को लेकर पूछताछ कर सकती है. इसके अलावा पुलिस यह भी जानने की कोशिश करेगी कि वह प्रयागराज से बिहार कैसे पहुंचा और फरार होने के दौरान किन लोगों ने उसकी मदद की. दूसरे आरोपियों के साथ उसके संपर्क को लेकर भी जानकारी जुटाई जा सकती है. अरमान के खिलाफ इस मामले में पहले ही आरोपपत्र दाखिल हो चुका है.
ADVERTISEMENT











