Prayagraj Suicide Case: वैलेंटाइन डे एक ऐसा दिन जब मोहब्बत अपने इजहार की मंजिल तक पहुंचती है, जब गुलाब, चॉकलेट और वादों के बीच रिश्ते और मजबूत होते हैं. लेकिन संगम नगरी में यही दिन एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया. आठ महीने पहले शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत इतना भयावह होगा, किसी ने सोचा भी नहीं था. प्यार में पनपे सपने अचानक टूटकर बिखर गए और पीछे रह गया मातम, सवाल और आरोपों का सैलाब. प्रयागराज के जार्जटाउन थाना क्षेत्र के टैगोर टाउन में एक 17 वर्षीया किशोर ने प्रेमिका से अनबन के बाद फांसी लगाकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
ADVERTISEMENT
जार्जटाउन थाना क्षेत्र में हुई घटना
पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के सिटी जोन के अंतर्गत जार्जटाउन थाना क्षेत्र में घटी इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद जार्जटाउन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. वहां 17 वर्षीय आशुतोष प्रताप गिरी उर्फ अमन का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला, जिसे पुलिस ने नीचे उतरवाया. इसके बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सके. पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
आठ महीने से चल रहा था प्रेम संबंध
मृतक की बहन निधि के अनुसार, अमन का अपनी कोचिंग में साथ पढ़ने वाली प्रतापगढ़ की एक युवती के साथ पिछले आठ महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. युवती अमन के घर के पास स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रहकर एनडीए की तैयारी कर रही थी. दोनों के बीच नियमित बातचीत होती थी और वे रिलेशनशिप में थे. परिवार का कहना है कि कुछ समय पहले युवती का किसी अन्य युवक से भी संबंध शुरू हो गया था, जिसके चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था.
मारपीट और मोबाइल छीनने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि लगभग एक सप्ताह पहले युवती के चार-पांच दोस्तों ने अमन के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन छीन लिया था. इस घटना की शिकायत पुलिस में भी दर्ज कराई गई थी. इसके बाद से अमन मानसिक तनाव में था. बहन के मुताबिक, वेलेंटाइन वीक के दौरान रोज डे, चॉकलेट डे और टेडी डे पर अमन ने अपनी प्रेमिका को उपहार भी दिए थे. परिवार का दावा है कि युवती के परिजनों को भी दोनों के रिश्ते की पूरी जानकारी थी और उनके पास दोनों की कई तस्वीरें भी मौजूद हैं.
अंतिम फोन कॉल के बाद बढ़ा था विवाद
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात दोनों के बीच फोन पर तीखी बहस हुई थी. आरोप है कि युवती ने अमन से कहा था कि “तुम मर जाओ, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ेगा.” परिवार का मानना है कि यह बात अमन के मन पर गहरा असर छोड़ गई और उसने यह कठोर कदम उठा लिया.
आत्महत्या पर उठे सवाल
हालांकि परिजन इस आत्महत्या को संदिग्ध मान रहे हैं. मृतक के मामा धीरेंद्र प्रताप गिरी का कहना है कि जब अमन का शव फंदे से लटका मिला तो उसके दोनों पैर नीचे की ओर मुड़े हुए थे, जिससे घटना पर संदेह पैदा होता है. परिजनों ने युवती पर प्रताड़ित करने, ब्लैकमेल करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है. उनका यह भी कहना है कि अमन अपनी मां के कई गहने ले जाकर युवती को दे चुका था.
एनडीए की तैयारी कर रहा था अमन
मृतक आशुतोष प्रताप गिरी उर्फ अमन इंटर का छात्र था और एनडीए की तैयारी कर रहा था. वह एक होनहार छात्र होने के साथ-साथ हॉकी खिलाड़ी भी था. परिवार में वह इकलौता बेटा था और उसकी एक छोटी बहन निधि है. उसके पिता विनोद गिरी होमगार्ड हैं, जबकि उसके चाचा उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं. बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस जांच जारी
परिजनों ने जार्जटाउन थाना पुलिस को तहरीर देकर युवती और उसके दोस्तों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: देर रात नोएडा के स्पा सेंटरों में चल रहा था गलत काम! कई लड़के और लड़कियों को...
ADVERTISEMENT









