Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक लड़की ने अपने प्रेमी की बेवफाई से टूटकर ऐसा कदम उठाया, जिससे उसकी जान चली गई. लड़की 5 साल से गांव के ही एक लड़के के साथ रिश्ते में थी. दोनों ने एक-दूसरे के साथ पूरी जिंदगी बिताने के सपने देखे थे, लेकिन लड़के ने चुपके से किसी दूसरी लड़की से सगाई कर ली. जब प्रेमिका ने इसका विरोध किया, तो लड़के ने उसकी बात सुनने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद लड़की ने हताश होकर सुसाइड कर लिया.
ADVERTISEMENT
5 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
यह मामला कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के एक गांव का है. यहां रहने वाली 24 साल की एक लड़की का गांव के ही नरेंद्र कुमार नाम के लड़के से पिछले 5 साल से अफेयर चल रहा था. दोनों अक्सर एक-दूसरे से छिप-छिपकर मिलते थे और शादी करने की कसमें खाते थे. परिवार वालों का आरोप है कि इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बने थे. लड़की को पूरा भरोसा था कि उसका प्रेमी एक दिन उसे शादी करके अपने घर ले जाएगा.
किसी और से सगाई करने पर टूटा भरोसा
लड़की को बड़ा झटका तब लगा, जब उसे पता चला कि उसके प्रेमी नरेंद्र ने बिना उसे बताए किसी और लड़की से सगाई कर ली है. यह खबर सुनकर लड़की पूरी तरह टूट गई. उसे समझ नहीं आ रहा था कि जिस लड़के के लिए उसने 5 साल तक इंतजार किया, वह किसी और का कैसे हो सकता है. वह अपने प्रेमी के पास गई और उसे उनके रिश्ते की याद दिलाकर शादी करने की मिन्नतें की. लेकिन लड़के ने शादी से साफ इनकार कर दिया और कथित तौर पर उससे कहा कि "जो करना है कर ले."
आरोपी प्रेमी के खिलाफ दर्ज हुआ केस
प्रेमी के इस तरह ठुकराने के बाद लड़की गहरे सदमे में चली गई. वह वापस घर लौटी और उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया कि उसकी जान पर बन आई. अस्पताल में इलाज के दौरान लड़की जिंदगी की जंग हार गई और उसकी मौत हो गई. लड़की की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया. लड़की के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रेमी नरेंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT










