किसी को देनी है परीक्षा, किसी को पकड़नी है ट्रेन... दिल्ली में सीजेपी प्रोटेस्ट के कारण आम जनता परेशान

यूपी तक

10 Oct 2026 (अपडेटेड: 10 Oct 2026, 12:06 PM)

CJP Protest: सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के चलते दिल्ली में कई रास्तों और बॉर्डर पर बैरिकेडिंग से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है. निजामुद्दीन और आसपास के इलाकों में रास्ते बंद होने से CGL की परीक्षा देने जा रहे छात्रों और ट्रेन पकड़ने निकले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

Google CTA

CJP Protest: सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के चलते दिल्ली के कई रास्ते और बॉर्डर पूरी तरह सील कर दिए गए हैं. इसके साथ ही इंटरनेट और नेविगेशन सेवाएं भी ठप हैं. सुबह के समय निजामुद्दीन और इसके आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग होने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कोई परीक्षा देने जा रहा है तो कोई इमरजेंसी में रेलवे स्टेशन पहुंचना चाहता है, लेकिन रास्ते बंद होने से लोग सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं.

यह भी देखें...

परीक्षा देने वाले छात्रों को दिक्कत

दिल्ली में मेट्रो बंद होने की वजह से कई छात्र अपनी गाड़ी से परीक्षा देने के लिए निकले हैं. शुभम नाम के एक छात्र ने बताया कि उनका सीजीएल का एग्जाम है और उन्हें नोएडा जाना है. लेकिन इंटरनेट और नेविगेशन बंद होने की वजह से उन्हें रास्ता ढूंढने में भारी परेशानी हो रही है. छात्र का कहना है कि सरकार को ऐसे हालात में परीक्षा टाल देनी चाहिए थी. उन्होंने इस प्रदर्शन को भी गलत बताया है.

ट्रेन पकड़ने वालों को भारी परेशानी

रास्तों की घेराबंदी के कारण रेलवे स्टेशन जाने वाले लोग भी बीच में ही फंसे हुए हैं. हसमुद्दीन अंसारी नाम के एक व्यक्ति को घर की इमरजेंसी के कारण सुबह 6 बजे की ट्रेन पकड़ने स्टेशन जाना था. लेकिन निजामुद्दीन मोड़ पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद किया हुआ है. उन्हें नए रास्तों की जानकारी नहीं है और इंटरनेट बंद होने से उनकी परेशानी और ज्यादा बढ़ गई है. 

प्रदर्शन पर लोगों की राय

इस विरोध प्रदर्शन और पुलिस की बैरिकेडिंग को लेकर जनता की अलग-अलग राय देखने को मिल रही है. जहां छात्र इस प्रदर्शन से नाराज हैं, वहीं अलाउद्दीन नाम के एक ऑटो चालक ने इस धरने का समर्थन किया है. ऑटो चालक को खान मार्केट जाना था, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया. इसके बावजूद उनका कहना है कि सरकार को जनता की बात माननी चाहिए. फिलहाल निजामुद्दीन दरगाह के पास का पूरा रास्ता सील कर दिया गया है, जिससे इंडिया गेट की तरफ जाने वाली गाड़ियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.