Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक ऐसा अजीब मामला सामने आया है, जहां एक टीचर ने स्कूल में एक बच्चे के गंजे सिर को तबला बना दिया. टीचर ने मजे-मजे में बच्चे के सिर पर तबले की धुन बजाई और इसका वीडियो बनाकर खुद अपने फेसबुक अकाउंट पर डाल दिया. वीडियो वायरल होते ही शिक्षा विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टीचर को सस्पेंड कर दिया है.
ADVERTISEMENT
बच्चे के सिर पर बजाया तबला
यह घटना इटावा जिले के सैफई ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बिरौली की है. यहां के इंचार्ज टीचर दिनेश कुमार माथुर ने एक मासूम बच्चे के सिर को तबले की तरह इस्तेमाल किया. बताया जा रहा है कि बच्चे के बाल कटे हुए थे और उसका सिर पूरी तरह से गंजा था. टीचर ने इसे एक मजाक समझा और बच्चे के सिर पर तबले जैसी धुन बजानी शुरू कर दी. यह हरकत टीचर और छात्र के रिश्ते पर भी सवाल खड़े करती है.
वायरल वीडियो पड़ा गुरु जी पर भारी
टीचर ने अपनी इस हरकत का वीडियो खुद बनवाया और उसे अपनी फेसबुक आईडी पर पोस्ट कर दिया. शायद उन्हें लगा होगा कि लोग इस वीडियो को देखकर उनका मजाक या टैलेंट समझेंगे. लेकिन उनका यह अनोखा टैलेंट उन्हीं पर भारी पड़ गया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने इस पर नाराजगी जतानी शुरू कर दी. देखते ही देखते यह मामला बेसिक शिक्षा अधिकारी तक पहुंच गया.
शिक्षा विभाग ने टीचर को किया सस्पेंड
वीडियो वायरल होने के बाद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया. उन्होंने टीचर की इस हरकत को सीधे तौर पर अनुशासनहीनता माना और तुरंत कार्रवाई करते हुए इंचार्ज टीचर दिनेश कुमार माथुर को सस्पेंड कर दिया. फिलहाल शिक्षा विभाग इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है. जांच में जो भी बातें सामने आएंगी, उसी के आधार पर गुरु जी पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT










