केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा के अंगरक्षक ने ककोड़ा मेले में की दबंगई, वीडियो वायरल होने के बाद SSP ने किया लाइन हाजिर

अंकुर चतुर्वेदी

• 03:35 PM • 28 Nov 2026

Budaun News: बदायूं के प्रसिद्ध ककोड़ा मेले में युवक और श्रद्धालुओं से मारपीट करने वाले सिपाही अंकित कुमार को एसएसपी अंकिता शर्मा ने लाइन हाजिर कर दिया है. आरोपी सिपाही केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा की सुरक्षा में गनर के तौर पर तैनात था.

Google CTA

Budaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से पुलिस की दबंगई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ा एक्शन लिया गया है. बदायूं के प्रसिद्ध ककोड़ा मेले में एक युवक और श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने वाले सिपाही अंकित कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है. चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी सिपाही अंकित कुमार केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा की सुरक्षा में अंगरक्षक के तौर पर तैनात था. बदायूं की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की है और पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.

यह भी देखें...

ककोड़ा मेले में श्रद्धालुओं से मारपीट

दरअसल, यह पूरा मामला 23 नवंबर का बदायूं के कादर चौक थाना क्षेत्र में लगने वाले ककोड़ा मेले का बताया जा रहा है. मेले के दौरान एक पुलिसकर्मी की कथित गुंडई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. इस वीडियो में पुलिसकर्मी खुलेआम एक युवक और वहां मौजूद श्रद्धालुओं को पीटता और उन पर थप्पड़ बरसाता हुआ नजर आ रहा था. वीडियो सामने आने के बाद लोगों में काफी नाराजगी देखी गई और पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी.

एसएसपी अंकिता शर्मा ने लिया संज्ञान

जैसे ही मारपीट का यह वीडियो बदायूं की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत इसकी पड़ताल कराई. जांच में वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मी की पहचान सिपाही अंकित कुमार के रूप में हुई. पहचान की पुष्टि होते ही एसएसपी ने बिना देरी किए सिपाही अंकित कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया. एसएसपी ने इस मामले की जांच अधिकारी लाइंस को सौंपी है और स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

केंद्रीय मंत्री की नहीं आई प्रतिक्रिया

बताया जा रहा है कि आरोपी सिपाही अंकित कुमार काफी लंबे समय से केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा की सुरक्षा में अंगरक्षक के रूप में ड्यूटी कर रहा था. इस घटना और सिपाही पर हुई कार्रवाई को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा का पक्ष जानने के लिए उनसे फोन पर बातचीत करने की कोशिश की गई. हालांकि, मंत्री जी से फोन पर कोई बात नहीं हो सकी है और इस पूरे मामले पर उनकी प्रतिक्रिया अभी तक सामने नहीं आ पाई है.

यह भी पढ़ें: इमरान मसूद की नाराजगी के बीच कांग्रेस आलाकमान का बड़ा दांव, उसी सहारनपुर से कैंपेन शुरू करेंगे राहुल गांधी जहां सपा ने उतारे प्रत्याशी