मेरठ के होटल में तंदूर पर थूककर रोटी बना रहा था मुस्तकीम, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

उस्मान चौधरी

• 07:35 PM • 27 Nov 2026

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक होटल कर्मचारी का रोटी पर थूकते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मामला फलावदा थाना क्षेत्र के महलका गांव का है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी कर्मचारी मुस्तकीम को गिरफ्तार कर लिया है.

Google CTA

सोशल मीडिया पर इस समय एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों में भारी नाराजगी है. वायरल वीडियो में एक होटल के अंदर रोटी बना रहा कर्मचारी कथित तौर पर रोटी पर थूकता हुआ नजर आ रहा है. यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के फलावदा थाना क्षेत्र के महलका गांव का है. वीडियो इंटरनेट पर सामने आते ही स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस हरकत पर कड़ा ऐतराज जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग शुरू कर दी. मामले के संज्ञान में आते ही मेरठ पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी देखें...

महलका गांव के होटल की घटना

जानकारी के मुताबिक, यह घटना 26 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे की है. फलावदा थाना क्षेत्र के महलका गांव में स्थित एक होटल में रोज की तरह रोटियां बनाई जा रही थीं. इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने कर्मचारी की इस हरकत को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कर्मचारी रोटी तैयार करते समय उस पर थूक रहा है. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसे देखकर स्थानीय लोगों व इंटरनेट यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

जैसे ही यह वायरल वीडियो फलावदा थाना पुलिस की जानकारी में आया, पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंच गई. शुरुआती जांच में पता चला कि महलका गांव का रहने वाला आमिर नाम का व्यक्ति इस होटल को चलाता है. वहीं, वीडियो में रोटी पर थूकता दिख रहा शख्स उसी होटल में काम करने वाला कर्मचारी मुस्तकीम है, जो खुद भी महलका गांव का ही निवासी है. पुलिस ने पहले मुस्तकीम को हिरासत में लिया और थाने लाकर मामले की जांच शुरू की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

मवाना सीओ ने दी पूरी जानकारी

इस पूरे मामले को लेकर मवाना के सीओ पंकज लवानिया ने आधिकारिक जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को थाना फलावदा की चौकी महलका क्षेत्र में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक व्यक्ति रोटी बनाते समय उस पर थूकता दिख रहा था. पुलिस ने तुरंत मामले की सच्चाई की जांच की और होटल संचालक आमिर के कर्मचारी मुस्तकीम को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुस्तकीम फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में है और मामले में नियमों के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें: UP IPS Transfer: यूपी में 28 आईपीएस अफसरों का तबादला, चार जिलों को मिले नए पुलिस कमिश्नर