'आखिरी सांस तक अखिलेश यादव के साथ रहूंगा,' अमरोहा से टिकट मिलने के बाद बोले वर्तमान विधायक महबूब अली

बीएस आर्य

• 12:52 PM • 28 Nov 2026

Mehboob Ali SP MLA Candidate: सपा की पहली सूची में अमरोहा से दोबारा टिकट मिलने पर महबूब अली ने अखिलेश यादव का आभार जताया है. इसके साथ ही उन्होंने इमरान मसूद को गठबंधन धर्म की याद भी दिलाई है.

Google CTA

Mehboob Ali SP MLA Candidate: समाजवादी पार्टी ने आगामी चुनाव के लिए अपने पांच प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है, जिसमें अमरोहा के मौजूदा विधायक महबूब अली का नाम भी शामिल है. दोबारा टिकट मिलने के बाद से ही उनके आवास पर बधाई देने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है. इस मौके पर महबूब अली ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार जताते हुए आखिरी सांस तक पार्टी के साथ खड़े रहने की बात कही. इसके साथ ही उन्होंने पहली सूची पर नाराजगी जता रहे कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को गठबंधन धर्म की याद दिलाई और जेल से बाहर आए वरिष्ठ नेता आजम खान के चुनावी असर पर सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का एक पुराना किस्सा भी सुनाया. उन्होंने साफ किया कि इस बार अमरोहा में धर्म की राजनीति के बजाय विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा जाएगा.

यह भी देखें...

आखिरी सांस तक अखिलेश के साथ

पहली ही लिस्ट में नाम आने पर महबूब अली ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि वे नेताजी मुलायम सिंह यादव के आदर्शों और निर्देशों पर चलते आए हैं और आखिरी सांस तक अखिलेश यादव के साथ खड़े रहेंगे, साथ ही अपनी आने वाली नस्लों से भी यही कहेंगे. महबूब अली ने कहा कि आज वे पब्लिक अकाउंट कमेटी (पीएसी) के चेयरमैन भी अखिलेश यादव की बदौलत ही हैं, जिन्होंने हमेशा उन्हें अग्रिम पंक्ति में रखकर सम्मान दिया है. उन्होंने यह भी कहा कि विदेश से पढ़कर आए अखिलेश यादव की सोच की वजह से ही उत्तर प्रदेश में बड़े पावर हाउस लगे और शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े काम हुए, जबकि उनकी सरकार की कई योजनाएं आज भी अधूरी पड़ी हैं.

इमरान मसूद को दिलाया गठबंधन याद

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा सपा की पहली लिस्ट पर नाराजगी जताने के सवाल पर महबूब अली ने दो टूक जवाब दिया. उन्होंने कहा कि गठबंधन राजनीतिक दलों के बीच होता है, किसी एक व्यक्ति की सोच से नहीं चलता. यह गठबंधन राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच हुआ है. उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि किसी को भी इसे अपना व्यक्तिगत मुद्दा नहीं बनाना चाहिए और इमरान मसूद को यह एहसास होना चाहिए कि आज वे गठबंधन की बदौलत ही सांसद हैं. वहीं, पहली लिस्ट में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की हिस्सेदारी पर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की 95 प्रतिशत दबा-कुचला और शोषित जनता ही पीडीए है, जो पूरी तरह संगठित है और इस बार वोट पार्टियों को नहीं बल्कि सीधे गठबंधन को मिलेगा.

आजम खान के असर पर किस्सा

सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के जेल से बाहर आने और चुनाव पर पड़ने वाले उनके असर को लेकर महबूब अली ने बेहद दिलचस्प अंदाज में अपनी बात रखी. उन्होंने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का एक पुराना किस्सा सुनाते हुए कहा कि एक बार एक कार्यकर्ता ने किसी नेता को कमतर आंकते हुए कहा था कि उनका कोई असर नहीं है. इस पर मुलायम सिंह यादव ने उसे डांटते हुए कहा था कि ज्यादा मत बोलो, भैंस भी गोबर करती है और जब गोबर को उठाओ तो उसके साथ कुछ मिट्टी भी आ जाती है, यानी हर आदमी का अपना असर होता है. इस उदाहरण के जरिए महबूब अली ने साफ कहा कि आजम खान साहब हमारे बहुत बड़े नेता हैं और चुनाव में उनका बड़ा असर रहेगा.

अमरोहा के विकास पर रहेगा जोर

अमरोहा विधानसभा के चुनावी मुद्दों पर बात करते हुए महबूब अली ने कहा कि वे क्षेत्र के हर व्यक्ति के भाई हैं और जनता के सुझावों से ही विकास कार्य कराते हैं. उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि जब वे पहली बार अमरोहा आए थे, तब यहां के रास्तों पर इतने गहरे गड्ढे और कीचड़ थी कि इंसान तो दूर ट्रैक्टर भी नहीं निकल पाता था. उन्होंने जल निकासी और सड़कों पर काफी काम कराया है, लेकिन वे अभी पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं. उन्होंने वादा किया कि आगे अमरोहा में अंडरग्राउंड बिजली की लाइन बिछाने, सीवर लाइन बनवाने के साथ-साथ यहां के कॉटन वेस्ट कारखानों और मशहूर ढोलक के कारोबार को सरकार से बड़ी मदद दिलाने पर काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अब उन्माद फैलाकर और सांप्रदायिक बातें करके सरकारें नहीं बनेंगी, क्योंकि जनता अपने टैक्स के पैसे का हिसाब मांग रही है.

यह भी पढ़ें: इमरान मसूद की नाराजगी के बीच कांग्रेस आलाकमान का बड़ा दांव, उसी सहारनपुर से कैंपेन शुरू करेंगे राहुल गांधी जहां सपा ने उतारे प्रत्याशी