इश्क और सरहद की इस कहानी में उस वक्त बड़ा ट्विस्ट आ गया जब राजस्थान पुलिस और युवती के परिजनों ने मैनपुरी के कुर्रा थाने के बाहर उसे घेर लिया. भीलवाड़ा की रहने वाली रिंकू शर्मा मैनपुरी के ऋतिक यादव से प्यार करती थी.अपने प्रेमी के पास पहुंच तो गई लेकिन घरवालों की नाराजगी के आगे उसकी मोहब्बत हारती नजर आई. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवती को जबरन गाड़ी में बिठाया जा रहा है. जबकि वह मदद के लिए गुहार लगा रही है.
ADVERTISEMENT
भीलवाड़ा में शुरू हुई प्रेम कहानी
मैनपुरी के पाए गांव का रहने वाला ऋतिक यादव राजस्थान के भीलवाड़ा में काम करता था. वहीं उसकी मुलाकात रिंकू शर्मा से हुई. धीरे-धीरे दोनों का प्यार परवान चढ़ा. जब रिंकू के परिजनों को इसका पता चला तो उन्होंने ऋतिक की शिकायत थाने में की. पुलिस की समझाइश के बाद ऋतिक अपने गांव वापस लौट आया. लेकिन रिंकू अपने प्रेमी के बिना नहीं रह सकी और खुद मैनपुरी पहुंच गई.
थाने के बाहर खींचतान का ड्रामा
राजस्थान में रिंकू की गुमशुदगी दर्ज थी. राजस्थान पुलिस कुर्रा पुलिस की मदद से दोनों तक पहुंची और उन्हें थाने ले आई. थाने के अंदर रिंकू ऋतिक के साथ रहने और शादी करने की जिद पर अड़ी रही. तभी उसके परिजन वहां पहुंच गए. वायरल वीडियो में रिंकू कहती नजर आ रही है 'मेरे साथ जबरदस्ती हो रही है ये मेरा भाई नहीं है.' इसके बावजूद परिजन उसे जबरन उठाकर गाड़ी में डाल देते हैं.
प्रेमी ऋतिक यादव का आरोप
ऋतिक का कहना है कि वे दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी करना चाहते हैं. ऋतिक ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके पिता को डरा-धमकाकर उसे धोखे से थाने बुलाया. उसने प्रशासन से गुहार लगाई है कि रिंकू को उसके पास वापस लाया जाए क्योंकि उसे डर है कि रिंकू के साथ कुछ अनहोनी हो सकती है.
पुलिस का आधिकारिक बयान
स्थानीय पुलिस का कहना है कि चूंकि राजस्थान में युवती की गुमशुदगी दर्ज थी इसलिए राजस्थान पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे अपने साथ ले गई है. पुलिस ने 'अपहरण' की खबरों का खंडन करते हुए इसे कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बताया है.
ADVERTISEMENT









