Agra MLC Election 2026: आगरा में शिक्षक और स्नातक खंड एमएलसी चुनाव के दौरान जमकर बवाल हुआ था. इतना ही नहीं, फर्जी वोटिंग के आरोप भी लगाए गए थे, जिसके बाद चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लिया है. अब आगरा के तीन बूथों पर 26 अक्टूबर 2026 को दोबारा वोटिंग कराई जाएगी. 23 अक्टूबर को मतदान के दौरान समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने अधिकारियों पर ज्यादती और बूथ कैप्चरिंग के गंभीर आरोप लगाए थे. सपा की शिकायत और आगरा के डीएम मनीष बंसल की रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग ने इन तीन केंद्रों पर फिर से मतदान कराने का आदेश दिया है. बता दें, सभी 11 एमएलसी सीटों के नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे.
ADVERTISEMENT
सपा उम्मीदवार ने लगाए गंभीर आरोप
23 अक्टूबर को मतदान वाले दिन सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल कैमरे पर खूब फफक-फफक कर रोए थे. उन्होंने आरोप लगाया था कि फतेहाबाद में बूथ कैप्चरिंग की गई है और उनके कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता हो रही है. उन्होंने यह भी कहा है कि उन्हें परेशान किया जा रहा है और फर्जी मामलों में फंसाया जा सकता है. इस मामले पर अखिलेश यादव ने भी कड़ी आपत्ति जताई थी और अधिकारियों से शिकायत की थी. इसके बाद डीएम मनीष बंसल ने चुनाव आयोग को दोबारा चुनाव कराने का पत्र लिखा था.
इन तीन बूथों पर दोबारा मतदान
चुनाव आयोग के फैसले के बाद आगरा के तीन मतदान केंद्रों पर 26 अक्टूबर को फिर से वोट डाले जाएंगे. जिन बूथों पर रिपोलिंग होनी है, उनमें बूथ नंबर 20 जो खैरागढ़ तहसील परिसर का कक्ष संख्या एक है, बूथ नंबर 21 सैयां क्षेत्र पंचायत कार्यालय का कक्ष संख्या एक और बूथ नंबर 26 फतेहाबाद क्षेत्र पंचायत कार्यालय का कक्ष संख्या एक शामिल हैं.
आगरा शिक्षक सीट पर कड़ा मुकाबला
आगरा शिक्षक एमएलसी सीट पर कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है. इस क्षेत्र से सपा के टिकट पर आकाश अग्रवाल मैदान में हैं और बीजेपी ने हरिकिशोर तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है. आकाश अग्रवाल ने पिछले चुनाव वर्ष 2020 में निर्दलीय लड़ते हुए बीजेपी उम्मीदवार को 2376 वोटों से हराकर सबको चौंका दिया था. इस बार सपा ने अपने घोषित उम्मीदवार का टिकट काटकर आकाश को मौका दिया है.
स्नातक निर्वाचन सीट का समीकरण
आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भी दिलचस्प चुनावी लड़ाई है. इस सीट पर समाजवादी पार्टी की ओर से शशांक यादव उर्फ सीटू अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. उनका मुकाबला बीजेपी के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह से है जो इस सीट से मौजूदा एमएलसी भी हैं. आगरा की इन दोनों सीटों पर मौजूदा एमएलसी अलग-अलग चुनाव चिह्न के साथ फिर से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT










