उत्तर प्रदेश के जौनपुर में दिनदहाड़े हुई एक खौफनाक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित रामदयालगंज बाजार में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने विशाल यादव उर्फ बिच्छी की लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी. बीच बाजार हुए इस हत्याकांड से भड़के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर करीब 3 घंटे तक चक्काजाम कर जमकर हंगामा किया. सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह स्थिति पर काबू पाया.
ADVERTISEMENT
झाड़ियों में घात लगाकर बैठे थे हमलावर
मिली जानकारी के मुताबिक, विशाल यादव बाजार में बाल कटवाकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था. जैसे ही वह रामदयालगंज बाजार के पास पहुंचा पास की झाड़ियों में पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया. आरोप है कि दर्जनों की संख्या में आए दबंगों ने विशाल पर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए जिससे उसने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया.
15 अगस्त की गोलीबारी और पुरानी रंजिश का एंगल
मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि इस हत्याकांड की वजह पुरानी रंजिश है. परिजनों का दावा है कि बीते 15 अगस्त को भी आरोपियों ने जगद मार्केट में 2-3 राउंड हवाई फायरिंग की थी. भाई के मुताबिक, इस पूरी वारदात को साजिश के तहत अंजाम दिया गया है जिसमें तीन मुख्य आरोपी मनीष यादव उर्फ चांदपुर, प्रियांशु यादव और नीरज यादव के नाम सामने आए हैं.
'जैसे मेरे भाई को मारा वैसे ही हो आरोपियों का एनकाउंटर'
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने सड़क पर शव रखकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया. मृतक के भाई ने प्रशासन के सामने मांग रखी कि जिस बर्बरता से उसके निर्दोष भाई की जान ली गई है, ठीक उसी तरह पुलिस आरोपियों का भी एनकाउंटर करे. परिजनों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. फिलहाल रामदयालगंज बाजार में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है.
ADVERTISEMENT











