गंगा और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा यूपी का ये शहर, किसानों को मिलेगा मुआवजा; सीएम योगी ने किया ऐलान

यूपी तक

• 04:38 PM • 03 Sep 2026

फर्रूखाबाद में बाढ़ और जलभराव की समस्या के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित परिवारों को स्थायी समाधान का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों में पशुधन को बचाने के लिए चारा, वैक्सीन और दवाओं की व्यवस्था की जा रही है.

UP Tak
Google CTA

फर्रूखाबाद में बाढ़ और जलभराव की समस्या के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित परिवारों को स्थायी समाधान का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि सरकार फर्रूखाबाद को बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा से मुक्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाएगी. साथ ही गांवों में बाढ़ का पानी घुसने के बाद पशुधन को नुकसान से बचाने के लिए चारा, वैक्सीन और दवाओं की व्यवस्था की जा रही है.

यह भी पढ़ें...

सीएम योगी ने कहा कि जिला प्रशासन जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर फील्ड स्तर पर काम कर रहा है. प्रभावित फर्रूखाबाद, अमृतपुर और कायमगंज के परिवारों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार इस समस्या का स्थायी समाधान चाहती है. इसके लिए अभी से प्लानिंग और जरूरी कामों को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है.

बाढ़ प्रभावित इलाकों में पशुओं के लिए भी इंतजाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गांवों में पानी घुस गया है, वहां पशुधन को भी नुकसान न हो, इसके लिए पूरी कोशिश की जा रही है. पशुओं के लिए चारा, वैक्सीन और दवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस पूरी तैयारी पर हर क्षेत्र में युद्ध स्तर पर काम चल रहा है.

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और फील्ड लेवल की टीमें प्रभावित लोगों की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हैं. बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए किसानों के सहयोग और पहले से प्लानिंग की जरूरत पर भी उन्होंने जोर दिया.

किसानों की जमीन आई तो मिलेगा उचित मुआवजा

सीएम योगी ने कहा कि जहां कहीं किसानों की थोड़ी-बहुत जमीन इस काम के लिए आएगी, वहां उन्हें उचित मुआवजा दिया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की बात कही.

मुख्यमंत्री ने कहा कि फर्रूखाबाद अब बदल चुका है और आने वाले समय में यहां विकास की तस्वीर और बदलेगी. इसका बड़ा कारण क्षेत्र में आने वाला एक्सप्रेसवे नेटवर्क भी है.

फर्रूखाबाद में बनेगा एक्सप्रेसवे जंक्शन

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे का लिंक एक्सप्रेसवे फर्रूखाबाद आ रहा है. लिंक एक्सप्रेसवे फर्रूखाबाद को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा. उन्होंने कहा कि इससे फर्रूखाबाद एक जंक्शन के तौर पर विकसित होगा और अब इस क्षेत्र के पास भी अपना एक्सप्रेसवे होगा.

मुख्यमंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब फर्रूखाबाद को लेकर नारा लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी कि 'फर्रूखाबादी चूसे गन्ना और एक्सप्रेसवे...'. उन्होंने कहा कि अब फर्रूखाबाद के पास भी अपना एक्सप्रेसवे होगा.

गांवों की कनेक्टिविटी पर भी सरकार का फोकस

सीएम योगी ने कहा कि फर्रूखाबाद में सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए सरकार पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है. इसके लिए धन स्वीकृति से जुड़े प्रस्ताव मांगे गए हैं और जनप्रतिनिधियों ने भी अपने प्रस्ताव दिए हैं.

उन्होंने कहा कि बाढ़ आने के बावजूद अधिकतर गांवों में कनेक्टिविटी बनी हुई है. इसकी वजह गांवों तक पहुंचने वाली अच्छी सड़कें हैं. इसी कारण बाढ़ के बीच भी लोग कई जगहों पर आ-जा पा रहे हैं.

300+ सीटों पर खुद लड़ सकती है BJP... जयंत, राजभर, निषाद और अनुप्रिया पटेल की पार्टी को कितनी सीटें?