चंदौली में सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल की घर में घुसकर बेरहमी से पिटाई, इस नेता पर लगे आरोप, CCTV वीडियो वायरल

उदय गुप्ता

29 May 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

SP Leader Gargi Patel News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ समाजवादी पार्टी की महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में घुसकर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई.

SP Leader Gargi Patel Attacked News

SP Leader Gargi Patel Attacked News

Google CTA

SP Leader Gargi Patel Attacked News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ समाजवादी पार्टी की महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में घुसकर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई. हैरान करने वाली बात यह है कि इस मारपीट का आरोप किसी विरोधी दल पर नहीं, बल्कि सपा के ही एक वरिष्ठ नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख के परिजनों पर लगा है. वारदात के समय खुद पूर्व ब्लॉक प्रमुख भी गार्गी पटेल के घर पर ही मौजूद थे. इस दौरान हुए विवाद में हमलावरों ने सपा नेत्री और उनकी बेटियों के साथ जमकर मारपीट की, जिसके बाद घायल जिलाध्यक्ष को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस पूरी वारदात का एक सनसनीखेज वीडियो घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने देर रात केस दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

यह भी पढ़ें...

प्रॉपर्टी डीलिंग के सिलसिले में हुई थी मुलाकात

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मड़िया गांव का है. बताया जा रहा है कि सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल और वाराणसी के काशी विद्यापीठ ब्लॉक के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारेलाल यादव के बीच प्रॉपर्टी डीलिंग के काम को लेकर अक्सर बातचीत और मुलाक़ातें होती थीं. बीते गुरुवार को भी वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के शुजाबाद निवासी प्यारेलाल यादव, गार्गी पटेल से मिलने के लिए उनके मड़िया गांव स्थित आवास पर पहुंचे थे. वे घर के भीतर बैठकर बातचीत कर ही रहे थे कि अचानक प्यारेलाल यादव की पत्नी, बेटा और बेटी भी वहां धमक पड़े.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

प्यारेलाल यादव के परिजनों के गार्गी पटेल के घर पहुंचते ही माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और बात मारपीट तक जा पहुँची. पूर्व ब्लॉक प्रमुख के बेटे, बेटी और पत्नी ने मिलकर गार्गी पटेल और उनकी बेटियों पर हमला बोल दिया और उन्हें बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि सफेद कुर्ते में मौजूद पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारेलाल यादव बीच-बचाव करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं, जबकि दो युवक और दो महिलाएं मिलकर गार्गी पटेल को बेरहमी से पीट रही हैं.

अस्पताल में भर्ती हुईं घायल सपा नेत्री

इस हमले में गार्गी पटेल को काफी चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ फिलहाल उनका इलाज जारी है. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई. मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर देर रात संबंधित धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस हिंसक मारपीट और पारिवारिक विवाद के पीछे की असली वजह क्या है.