गाजियाबाद में पिता को फंसाने के लिए बेटे ने खुद को मारी गोली? जांच के बाद ऐसे हुआ एक्सपोज

मयंक गौड़

• 10:55 AM • 12 Nov 2024

Ghaziabad News: गाजियाबाद में बेटे ने संपत्ति विवाद के चलते खुद को गोली मारकर पिता को फंसाने की साजिश रची. पुलिस ने जांच में किया खुलासा.

Ghaziabad News

Ghaziabad News

Google CTA

Ghaziabad News: गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. आरोप है कि यहां संपत्ति विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता को फंसाने के लिए खुद को गोली मार ली. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है.  बता दें कि मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने गहराई से जांच की और फिर सच्चाई सबके सामने आ गई.

यह भी पढ़ें...

पुलिस को किया गुमराह, बेटे ने कहा- 'पिता ने मारी गोली'

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना गाजियाबाद की संजय कॉलोनी की है. मुरादनगर एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शुभम नाम के युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम डायल 112 पर फोन करके सूचना दी कि उसके पिता ने उसे बाएं हाथ में गोली मार दी है. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

 

 

जांच में सामने आई सच्चाई

जांच के दौरान पुलिस को चौंकाने वाले तथ्य मिले. स्थानीय लोगों के बयान और घटनास्थल पर मिले सबूतों के आधार पर यह पता चला कि शुभम का अपने पिता के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. काफी समय से वह अपने ससुराल में रह रहा था. पुलिस को घटनास्थल पर एक गमछा मिला, जिसे शुभम ने अपने बाएं हाथ पर लपेटकर खुद को गोली मारी थी.

अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज

शुभम को तुरंत स्थानीय सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने अवैध असलहा रखने और उसका उपयोग करने के आरोप में शुभम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है.