उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से घरेलू हिंसा और मर्यादाओं को तार-तार करने वाली एक घटना सामने आई है. कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने पति जो कि क्राइम ब्रांच में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है उसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. महिला का आरोप है कि तलाक होने के बावजूद इंस्पेक्टर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा है.
ADVERTISEMENT
2007 में हुई थी शादी, 2022 में हुआ तलाक
पीड़िता के अनुसार, उनकी शादी साल 2007 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी और उनके तीन बच्चे भी हैं. आपसी विवादों के चलते साल 2022 में दोनों का कानूनी रूप से तलाक हो गया. लेकिन महिला का आरोप है कि तलाक के बाद भी इंस्पेक्टर का जुल्म कम नहीं हुआ. वह लगातार मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और शारीरिक शोषण करता रहा.
जबरन गर्भपात और धोखाधड़ी का आरोप
महिला ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपी पति ने उसके साथ जबरदस्ती की और गर्भवती होने पर उसका जबरन गर्भपात भी कराया. इसके अलावा, संपत्ति को लेकर भी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. महिला के मुताबिक, पति ने तीन महीने पहले दिखाए गए एक मकान को तलाक से ठीक पहले गुपचुप तरीके से बेच दिया.
वीडियो जारी कर मांगी न्याय की गुहार
पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ धारा 69, 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.
पुलिस महकमे में हड़कंप
चूंकि आरोपी खुद पुलिस विभाग के एक महत्वपूर्ण पद (क्राइम ब्रांच) पर तैनात है, इसलिए इस केस की निष्पक्ष जांच को लेकर हर किसी की नजरें टिकी हुई हैं. मेरठ पुलिस ने आश्वासन दिया है कि कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी. यह मामला एक बार फिर घरेलू हिंसा और तलाक के बाद महिलाओं के सामने आने वाली सुरक्षा चुनौतियों को उजागर करता है.
ADVERTISEMENT









