उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लिसड़ीगेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर में एक बेहद हृदयविदारक हादसा हुआ है. घर में लगी भीषण आग के कारण एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें पांच बच्चे और एक महिला शामिल है. हादसा उस समय हुआ जब घर के पुरुष सदस्य मस्जिद में तरावीह की नमाज पढ़ने गए हुए थे. घर में उस वक्त सात लोग मौजूद थे (दो महिलाएं और पांच बच्चे). अचानक लगी आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाना मुश्किल हो गया. सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ पांच बच्चों और एक महिला को मृत घोषित कर दिया गया. एक महिला का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
ADVERTISEMENT
पीड़ित मोहम्मद फारूक ने बताया कि उनके दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) इस हादसे में मारे गए हैं. उनके छोटे भाई की पत्नी और उनके तीन बच्चों की भी मौत हो गई. इन बच्चों में 6 महीने की दो जुड़वा बेटियां और एक 4 साल का बेटा शामिल था. फारूक के बच्चों में 12 साल का एक बेटा भी इस हादसे का शिकार हुआ है.
हादसे के बाद पूरे मेरठ शहर में शोक की लहर है और अस्पताल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई. पीड़ित परिवार ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है. परिवार ने पुलिस के सहयोग की सराहना की है और कहा कि पुलिस प्रशासन लगातार उनके साथ बना हुआ है.
ADVERTISEMENT









