Meerut Crime News: मेरठ जिले का रामराज कस्बा एक खौफनाक हत्याकांड से दहल उठा है. 28 साल के सुरेंद्र उर्फ सुनील की दिनदहाड़े बाजार में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद हत्यारे ने सोशल मीडिया पर एक 4 मिनट का वीडियो जारी कर सनसनी फैला दी. इस वीडियो में आरोपी न केवल कत्ल की जिम्मेदारी ले रहा है बल्कि पुलिस और प्रशासन को अपशब्द कहते हुए खुली चुनौती भी दे रहा है. प्रेम प्रसंग और बदले की इस कहानी ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है.
ADVERTISEMENT
बाजार में फिल्मी अंदाज में कत्ल
वारदात मेरठ के बहसुमा थाना क्षेत्र की है. सुरेंद्र अपनी बाइक से बाजार से गुजर रहा था तभी बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने उसे निशाना बनाया. पहली गोली सुरेंद्र की कमर में लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा. इसके बाद हमलावर ने पास जाकर उसकी कनपटी पर पिस्टल सटाई और दो और गोलियां दाग दीं. बाजार में मौजूद भीड़ इस मंजर को देख सहम गई और हमलावर आराम से फरार हो गए.
हत्यारे का 'लाइव' कबूलनामा
हत्या के कुछ ही घंटों बाद आरोपी का एक वीडियो वायरल हुआ. वीडियो में वह हाथ में हथियार लहराते हुए कह रहा है 'तीन गोलियां मार कर आया हूं, पूरा जिम्मेदार मैं हूं.'उसने पुलिसकर्मियों के नाम लेकर उन्हें भी चेतावनी दी और कहा कि यह वीडियो थाने तक पहुंचा दो, मुझे अपनी मौत का डर नहीं है.आरोपी ने वीडियो में ढाई मीटर का कफन दिखाते हुए कहा कि वह मरने के लिए तैयार है.
रिश्तों के कत्ल की इनसाइड स्टोरी
पुलिस जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र का एक विवाहित महिला के साथ प्रेम संबंध था. महिला करीब डेढ़ साल पहले अपने पति को छोड़कर सुरेंद्र के साथ रहने लगी थी और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी. महिला के पति ने इसे अपनी बेइज्जती माना और बदला लेने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया. वीडियो में वह अपनी पत्नी को भी जान से मारने की धमकी देता नजर आ रहा है.
पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल
मृतक के भाई रविंद्र सिंह का आरोप है कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल रही थीं और उन्होंने थाने में तहरीर भी दी थी. लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. उनका कहना है कि अगर पुलिस समय रहते कदम उठाती तो आज सुरेंद्र जिंदा होता। मेरठ देहात के एसपी अभिजीत कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.
ADVERTISEMENT









