मथुरा में फरसा वाले बाबा की मौत के बाद 'जिहादी' शब्द सुनते ही भड़के अधिकारी, वीडियो में देखें हुआ क्या था

Mathura Viral News: मथुरा में फरसा वाले बाबा की मौत के बाद बवाल. वायरल वीडियो में पथराव के लिए 'जिहादी' शब्द के इस्तेमाल पर पुलिस से बहस. दक्ष चौधरी समेत 15 गिरफ्तार, 300 पर केस.

यूपी तक

• 01:04 PM • 24 Mar 2026

follow google news

21 मार्च 2026 को मथुरा में प्रसिद्ध गौ सेवक फरसा वाले बाबा की एक सड़क दुर्घटना में दुखद मौत हो गई. बाबा को सूचना मिली थी कि हाईवे से गौ तस्करों का कंटेनर गुजरने वाला है, जिसका पीछा करते समय कोहरे के कारण एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. इस घटना के बाद उनके समर्थकों ने करीब 4 घंटे तक नेशनल हाईवे जाम रखा और जमकर हंगामा किया.

यह भी पढ़ें...

वायरल वीडियो और जिहादी शब्द पर विवाद

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक शख्स पुलिस अधिकारियों के सामने यह दावा करता दिख रहा है कि पथराव 'जिहादी' लोगों ने किया है. वीडियो में शख्स कह रहा है, "पथराव तो कुछ जिहादी लोगों ने किया... किसी हिंदू भाई ने पथराव किया है आज तक?" इस पर वहां मौजूद पुलिस अधिकारी सवाल पूछते नजर आ रहे हैं कि "जिहादी कौन है?" बाबा के बड़े भाई ने भी बयान दिया है कि भीड़ में कुछ 'जिहादी' तत्व घुस आए थे जिन्होंने ईंट-पत्थर चलाए और खिसक गए, जबकि पुलिस ने बाबा के चेलों को पकड़ लिया है.

पुलिस की कार्रवाई: 300 अज्ञात पर मुकदमा, 15 जेल भेजे गए

मथुरा पुलिस ने इस बवाल को लेकर सख्त रुख अपनाया है. पुलिस अधिकारी के अनुसार:

  • पत्थरबाजी में 22 से 23 पुलिसकर्मियों को चोटें आईं और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की गई.
  • पुलिस ने 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है.
  • अब तक 23 लोग चिन्हित किए जा चुके हैं, जिनमें से 15 को जेल भेजा जा चुका है.
  • साक्ष्यों के लिए 'यक्ष ऐप' और उपलब्ध वीडियो फुटेज की मदद ली जा रही है.

दक्ष चौधरी समेत 5 गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि इस संवेदनशील माहौल में गाजीबाद का निवासी दक्ष चौधरी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा था. आरोप है कि उसने लोगों को उकसाने और झूठी सूचनाएं फैलाकर उपद्रव करने का प्रयास किया. पुलिस ने दक्ष और उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मथुरा पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी.

गौ सेवा के लिए समर्पित थे फरसा वाले बाबा

फरसा वाले बाबा पिछले 40 वर्षों से गौ सेवा से जुड़े थे. उनके आश्रम में लगभग 350 से 400 गायें मौजूद हैं, जिन्हें उन्होंने विभिन्न स्थानों से रेस्क्यू किया था. उनकी मृत्यु के बाद इलाके में काफी तनाव देखा गया था, जिसे पुलिस ने बल प्रयोग और समझा-बुझाकर नियंत्रित किया. फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है.