Mathura Viral Video: उत्तर प्रदेश के मथुरा जंक्शन से पुलिस की बर्बरता और अनुशासनहीनता का एक शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर स्थित एक फूड स्टॉल के कर्मचारी के साथ जीआरपी के सिपाही ने न केवल भद्दी गालियां दीं बल्कि चाय बनाने से मना करने पर उसके साथ मारपीट भी की. वर्दी के नशे में चूर सिपाही की यह पूरी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसके बाद विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है.
ADVERTISEMENT
सफाई में व्यस्त था दुकानदार, सिपाही को चढ़ा गुस्सा
महज एक प्याली चाय के लिए विवाद जानकारी के मुताबिक, घटना मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर स्थित 'कृष्ण फूड स्टॉल' की है. यहां एक दुकानदार अपनी दुकान की साफ-सफाई में व्यस्त था. इसी दौरान जीआरपी सिपाही विवेक कुमार वहां पहुंचा और उससे चाय बनाने की मांग की. दुकानदार ने हाथ जोड़कर सफाई का हवाला देते हुए चाय बनाने से मना कर दिया. बस इतनी सी बात सिपाही को नागवार गुजरी और उसने आपा खो दिया.
कॉलर पकड़ा और जड़ दिए थप्पड़
दुकानदार का आरोप है कि मना करने पर सिपाही विवेक कुमार ने उसे भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं. जब दुकानदार ने गालियां देने का विरोध किया तो सिपाही तैश में आ गया. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि सिपाही ने दुकानदार का कॉलर पकड़ा, उसे स्टॉल से बाहर खींचने की कोशिश की और ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़ दिए. सिपाही यहीं नहीं रुका उसने दुकानदार को थाने ले जाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी.
सीसीटीवी ने खोल दी सिपाही की पोल
स्टॉल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में सिपाही की यह सारी दबंगई रिकॉर्ड हो गई. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही रेलवे पुलिस और जीआरपी के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया. वीडियो में सिपाही की अभद्रता और अनुशासनहीनता साफ झलक रही थी जिससे पुलिस की छवि पर भी सवाल उठने लगे. सिपाही निलंबित घटना का संज्ञान लेते हुए जीआरपी प्रशासन ने आरोपी सिपाही विवेक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पुलिस विभाग में इस तरह की अनुशासनहीनता और जनता के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. फिलहाल सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
ADVERTISEMENT









