टॉयलेट के लिए उतरे और फिर कभी नहीं लौटे... यमुना एक्सप्रेसवे पर बेकाबू टैंकर ने ले ली 6 लोगों को जान

मदन गोपाल

07 Feb 2026 (अपडेटेड: 07 Feb 2026, 10:06 AM)

Mathura Yamuna Expressway Accident: मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा. तेज रफ्तार टैंकर ने बस से नीचे उतरे यात्रियों को कुचला, 6 की मौत. मृतकों में एक ही परिवार के 4 सदस्य शामिल. पुलिस जांच में जुटी.

Mathura Yamuna Expressway Accident

Mathura Yamuna Expressway Accident

Google CTA

Mathura Yamuna Expressway Accident: यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया. थाना सुरीर कोतवाली के माइलस्टोन 88 के पास एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है. हादसा उस वक्त हुआ जब दिल्ली से कानपुर देहात जा रही एक बस के यात्री एक्सप्रेसवे पर लघुशंका (टॉयलेट) के लिए नीचे उतरे थे. मिली जानकारी के अनुसार, बस माइलस्टोन 88 के पास कुछ देर के लिए रुकी थी. यात्री बस से नीचे उतरे ही थे कि पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार टैंकर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों के मौत की घोषणा कर दी. 

यह भी पढ़ें...

एक ही परिवार के चार लोगों की गई जान 

अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वालों में चार लोग एक ही परिवार के थे. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. घायल व्यक्ति की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है. 

आरोपी ड्राइवर की तलाश में लगी पुलिस

हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया. अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ है. पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है. प्रशासन ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिलाया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. 

ये भी पढ़ें: बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन का झांसा देकर कई महिलाओं के बनाए अश्लील वीडियो... फिर एक लड़की ने खोली प्रिंस वर्मा की पोल