Bareilly DM Avinash Kumar News: उत्तर प्रदेश के बरेली में साइकिल चोरी होने की शिकायत लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची 22 साल की स्टूडेंट नीतू की परेशानी सुनकर डीएम अविनाश कुमार ने तत्काल मदद की. आंवला थाना क्षेत्र के रामगंगा गोटिया की रहने वाली नीतू ने बताया कि करीब तीन महीने पहले बरेली ITI कॉलेज के हॉस्टल से उसकी साइकिल चोरी हो गई थी. साइकिल नहीं होने के कारण उसे कॉलेज और पढ़ाई से जुड़े काम के लिए आने-जाने में परेशानी हो रही थी. छात्रा की बात सुनने के बाद डीएम ने उसके लिए नई साइकिल की व्यवस्था की.
ADVERTISEMENT
तीन महीने पहले चोरी हुई थी साइकिल
नीतू अपनी समस्या लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची और डीएम अविनाश कुमार को साइकिल चोरी होने की पूरी जानकारी दी. उसने बताया कि करीब तीन महीने पहले ITI कॉलेज के हॉस्टल से उसकी साइकिल चोरी हो गई थी. साइकिल चोरी होने के बाद रोजाना आने-जाने में परेशानी बढ़ गई थी. पढ़ाई के लिए कॉलेज पहुंचने और दूसरे जरूरी कामों के लिए उसे काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था. इसी परेशानी को लेकर उसने जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई.
खुद बाजार जाकर दिलाई नई साइकिल
छात्रा की बात सुनने के बाद जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मामले को तुरंत संज्ञान में लिया. इसके बाद उन्होंने अपने स्टाफ के साथ नीतू को बाजार ले जाने का फैसला किया. वहां नई साइकिल खरीदी गई. इसके बाद डीएम ने अपने हाथों से नीतू को नई साइकिल सौंप दी. साइकिल मिलने के बाद नीतू के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी.
नई साइकिल पाकर छात्रा ने क्या कहा?
नई साइकिल मिलने के बाद नीतू ने डीएम अविनाश कुमार का आभार जताया. उसने कहा 'मैं इस पल को हमेशा याद रखूंगी.' छात्रा ने यह भी कहा कि भविष्य में जब वह कुछ बनने के बाद सक्षम होगी तो जरूरतमंद लोगों के बीच जाकर इसी तरह उनकी मदद करना चाहती है. नीतू ने डीएम की पहल की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया. उसके लिए नई साइकिल मिलना सिर्फ एक सुविधा मिलने की बात नहीं थी, बल्कि इससे पढ़ाई के लिए आने-जाने में हो रही परेशानी भी दूर हो गई.
ADVERTISEMENT











