Mathura Traffic Department News: राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के दिल्ली मार्ग स्थित वृंदावन कट के पास डग्गेमार वाहनों का संचालन सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध रूप से संचालित बसें सवारियां भरने के लिए बीच सड़क पर ही रुक जाती हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है.
ADVERTISEMENT
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई बार डग्गेमार बस चालक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों के आगे भी अपने वाहन खड़े कर देते हैं. इससे यातायात प्रभावित होता है और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो एक्सप्रेसवे पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि डग्गेमार वाहनों के खिलाफ न तो पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और न ही परिवहन विभाग या यमुना एक्सप्रेसवे प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम उठाया जा रहा है. इसी का फायदा उठाकर वाहन चालक खुलेआम यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं.
स्थानीय लोगों ने पुलिस, परिवहन विभाग और संबंधित अधिकारियों से वृंदावन कट क्षेत्र में नियमित अभियान चलाकर डग्गेमार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और संभावित सड़क दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा.
ADVERTISEMENT











