Mathura Civic News: सोशल मीडिया के माध्यम से ग्रामीणों की शिकायत पर जिला अधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सफाई के निर्देश दिए. शुक्रवार को गांव में कर्मचारियों और ग्रामीणों के संयुक्त श्रमदान से मुख्य चौराहे की बंद पुलिया और पाइप की सफाई कर जल निकासी सुचारु कर दी गई. त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत जताते हुए जिला अधिकारी का आभार व्यक्त किया.
ADVERTISEMENT
ज्ञात हो कि विकास खंड फरह के गांव रैपुरा जाट के दुष्यंत चौधरी, जितेंद्र चौधरी, अखिलेश कुमार, भोले, रैंचो, पप्पू अग्रवाल, चेतन अग्रवाल, अमर पाल सहित अन्य ग्रामीणों ने सोशल मीडिया के माध्यम से जिला अधिकारी मथुरा को शिकायत भेजी थी. शिकायत में बताया गया था कि गांव के मुख्य चौराहे की पुलिया सिल्ट से पूरी तरह बंद होने के कारण गंदा पानी मुख्य मार्ग पर बह रहा था. इससे ग्रामीणों, बाजार आने वाले लोगों और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
शिकायत मिलते ही जिला अधिकारी मथुरा चंद्रप्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए. साथ ही ग्रामीणों से भी श्रमदान कर अभियान में सहयोग करने की अपील की. जिला अधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को गांव में विशेष सफाई अभियान चलाया गया. विकास खंड कार्यालय की टीम में बाबई, रूपेश, रामेश्वर, सुनीता, सुशील, कृपाल सिंह और संजू देवी सहित कर्मचारियों ने सफाई कार्य किया.
वहीं ग्रामीणों ने भी श्रमदान कर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई. सफाई के दौरान मुख्य चौराहे पर लंबे समय से बंद पड़ा पाइप और पुलिया को साफ कर दिया गया, जिससे जल निकासी की समस्या दूर हो गई. सफाई होने के बाद गांव में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि जिला अधिकारी ने सोशल मीडिया पर की गई शिकायत का त्वरित संज्ञान लेकर यह संदेश दिया है कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन गंभीर है. ग्रामीणों ने जिला अधिकारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया.
पूर्व प्रधान रण विजय सिंह ने कहा कि जिला अधिकारी ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई कराई, जिससे वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान हुआ. उन्होंने कहा कि प्रशासन की तत्परता और जनसहभागिता से गांव में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हुई है और इसके लिए सभी ग्रामीण जिला अधिकारी के आभारी हैं.
ADVERTISEMENT










