Mathura News: 500 मीटर की दूरी भी भारी, कोसीकलां रोडवेज बस स्टैंड पर पसरा सन्नाटा, डग्गेमार वाहनों का कब्जा, यात्रियों को हो रही परेशानी

Newzo

• 02:43 PM • 15 Jul 2026

Mathura Roadways News: कोसीकलां रोडवेज बस स्टैंड पर नियमित बसों का संचालन न होने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. बस स्टैंड पर सन्नाटा पसरा है, जबकि डग्गेमार वाहनों का कब्जा बढ़ गया है. स्थानीय लोगों ने नियमित बस सेवा शुरू करने और अवैध वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है.

500 मीटर की दूरी भी भारी, कोसीकलां रोडवेज बस स्टैंड पर पसरा सन्नाटा, डग्गेमार वाहनों का कब्जा, यात्रियों को हो रही परेशानी

500 मीटर की दूरी भी भारी, कोसीकलां रोडवेज बस स्टैंड पर पसरा सन्नाटा, डग्गेमार वाहनों का कब्जा, यात्रियों को हो रही परेशानी

Google CTA

Mathura News: नगर का रोडवेज बस स्टैंड इन दिनों सरकारी उपेक्षा का शिकार बना हुआ है. रोडवेज की कोई भी नियमित बस बस स्टैंड तक नहीं पहुंच रही, जिससे यहां दिनभर सन्नाटा पसरा रहता है. दूसरी ओर डग्गेमार वाहनों ने बस स्टैंड को अपना स्थायी पड़ाव बना लिया है, जिससे यात्रियों को मजबूरी में निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है.

यह भी पढ़ें...

कोसीकलां उत्तर प्रदेश का हरियाणा और राजस्थान से सटा प्रमुख नगर है. यहां से कोकिलावन धाम, नंदगांव, बरसाना, गोवर्धन सहित अनेक धार्मिक स्थलों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है.दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश से भी प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं.

विशेष रूप से कोकिलावन धाम, जो नगर से करीब सात किलोमीटर दूर स्थित है, वहां प्रत्येक शुक्रवार और शनिवार को लाखों श्रद्धालु शनिदेव के दर्शन और परिक्रमा के लिए आते हैं. इसके बावजूद श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोडवेज की पर्याप्त बस सेवा उपलब्ध नहीं है. ऐसे में यात्रियों को डग्गेमार वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि यूपी रोडवेज और हरियाणा रोडवेज की सैकड़ों बसें कोसीकलां बाईपास से होकर गुजरती हैं, लेकिन अधिकांश बसें बस स्टैंड तक नहीं आतीं. जबकि बाईपास से बस स्टैंड की दूरी महज 500 मीटर है. अधिकारियों की अनदेखी के चलते बस स्टैंड अपनी उपयोगिता खोता जा रहा है.

नगरवासियों और यात्रियों ने परिवहन निगम से बस स्टैंड तक नियमित रोडवेज बसों का संचालन सुनिश्चित करने, डग्गेमार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा बस स्टैंड की व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सके.