Mathura News: द ट्रेडर्स एसोसिएशन मथुरा के पदाधिकारियों ने मंगलवार को अध्यक्ष चिराग अग्रवाल के नेतृत्व में नगर मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में प्रदेश के पंजीकृत व्यापारियों एवं उनके परिवारों के लिए मुख्यमंत्री व्यापारी कैशलेस स्वास्थ्य योजना लागू करने की मांग की गई.
ADVERTISEMENT
एसोसिएशन के चेयरमैन संजय चतुर्वेदी ने कहा कि व्यापारी समाज प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है. व्यापारी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष करों के माध्यम से सरकार के राजस्व और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं. इसके बावजूद बड़ी संख्या में व्यापारी और उनके परिवार समुचित स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस स्वास्थ्य योजना लागू की गई है, जो सराहनीय कदम है. इसी तर्ज पर व्यापारियों के लिए भी कैशलेस स्वास्थ्य योजना लागू की जानी चाहिए.
महासचिव दीपक सिंघल एवं सचिव पवन ठाकुर ने बताया कि ज्ञापन में मांग की गई है कि उत्तर प्रदेश के पंजीकृत व्यापारियों और उनके परिवारों को सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाए. साथ ही व्यापारियों के लिए हेल्थ कार्ड जारी किया जाए तथा योजना में गंभीर बीमारियों और दुर्घटनाओं के तत्काल उपचार को शामिल किया जाए. उन्होंने यह भी मांग की कि योजना का प्रारूप व्यापारी संगठनों के सुझावों के आधार पर तैयार किया जाए.
अध्यक्ष चिराग अग्रवाल ने कहा कि यदि यह योजना लागू होती है तो प्रदेश के लाखों व्यापारी परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी. इससे इलाज का आर्थिक बोझ कम होगा और व्यापारियों का सरकार के प्रति विश्वास भी और मजबूत होगा.
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष चिराग अग्रवाल, चेयरमैन संजय चतुर्वेदी, महासचिव दीपक सिंघल, सचिव पवन ठाकुर, अंकित गोयल, राहुल अग्रवाल, रोहित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT











