Mathura News: हथिनीकुंड बैराज से 13 जुलाई को यमुना नदी में छोड़े गए 18,678 क्यूसेक पानी का असर मंगलवार को फरह क्षेत्र में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया. लगातार दो दिनों से बढ़ रहे जलस्तर के चलते चुरमुरा और बधाया गांव के पास यमुना का पानी दोनों किनारों तक पहुंच गया। इससे नदी का बहाव भी तेज हो गया है.
ADVERTISEMENT
पिछले एक सप्ताह से यमुना में जलस्तर काफी कम था, लेकिन बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद नदी फिर से लबालब नजर आने लगी है. जलस्तर बढ़ने से आसपास के ग्रामीणों और किसानों में सतर्कता बढ़ गई है. विशेष रूप से नदी किनारे रहने वाले लोग और पशुपालक एहतियात बरत रहे हैं तथा पशुओं को नदी में ले जाने या पार कराने से बच रहे हैं.
विकास खंड अधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि प्रशासन यमुना के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है. उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक रूप से नदी के किनारे न जाएं और किसी भी स्थिति में नदी में उतरने या पशुओं को नदी पार कराने का प्रयास न करें. साथ ही निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
प्रशासन का कहना है कि यदि जलस्तर में और वृद्धि होती है तो आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके.
ADVERTISEMENT











