Mainpuri Nagla Ani Murder Case: नगला अनी हत्याकांड को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के दौरे के एक दिन बाद बुधवार को कांग्रेस का 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचेगा. प्रतिनिधिमंडल दोपहर करीब 12 बजे पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेगा, शोक संवेदना व्यक्त करेगा और न्याय दिलाने का भरोसा देगा. इसके बाद तैयार की गई जांच रिपोर्ट उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपी जाएगी.
ADVERTISEMENT
गौरतलब है कि थाना एलाऊ क्षेत्र के नगला अनी गांव में बिजली की केबल बिछाने को लेकर हुए विवाद में अनुसूचित जाति के युवक विकास कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई थी. इस घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक दल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय की मांग कर रहे हैं.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर गठित प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक लुइस खुर्शीद, निवर्तमान प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान, गोपाल कुलश्रेष्ठ, शकुंतला देवी, नागेंद्र सिंह यादव, ममता राजपूत, अर्चना राठौर सहित कुल 21 सदस्य शामिल हैं.
प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी जुटाएगा और प्रशासन से निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने की मांग करेगा.
नगला अनी हत्याकांड को लेकर लगातार बढ़ रही राजनीतिक गतिविधियों के बीच गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.
ADVERTISEMENT











