लखनऊ में गोमती नदी का बढ़ा जलस्तर, रिवर फ्रंट-हनुमंत धाम समेत कई इलाकों में भरा पानी

यूपी तक

• 03:52 PM • 05 Oct 2026

Lucknow News: की गोमती नदी में 20 साल बाद अचानक जलस्तर बढ़ने से भयंकर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. नदी का पानी अब रिहायशी इलाकों और शहर की खूबसूरत जगहों में घुस चुका है.

Google CTA

Lucknow News: लखनऊ की गोमती नदी में 20 साल बाद अचानक जलस्तर बढ़ने से भयंकर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. नदी का पानी अब रिहायशी इलाकों और शहर की खूबसूरत जगहों में घुस चुका है. इससे राजधानी का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है. गोमती नगर रिवर फ्रंट, हनुमंत धाम और प्रेरणा स्थल जैसी जगहें पूरी तरह पानी में डूब चुकी हैं और प्रशासन लगातार राहत कार्यों में जुटा हुआ है.

यह भी देखें...

पानी में डूबा गोमती रिवर फ्रंट

लखनऊ की शान कहा जाने वाला गोमती नगर रिवर फ्रंट पूरी तरह से बाढ़ के पानी में डूब गया है. पर्यटकों के लिए बने घाट, वॉकवे और पार्क पानी में समा चुके हैं. सुरक्षा को देखते हुए इस जगह को पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है. इसके साथ ही, हाल ही में बना राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल भी बाढ़ से बच नहीं पाया है. इसके म्यूजियम तक पानी पहुंचने के कारण इसे भी बंद कर दिया गया है.

पानी में डूबा प्रसिद्ध हनुमंत धाम

नदी के किनारे मौजूद मशहूर हनुमंत धाम का एक बड़ा हिस्सा भी बाढ़ की चपेट में आ गया है. मंदिर परिसर में बने बैठने के स्थान, झूले, पार्क और पंचमुखी हनुमान जी के भव्य स्थल के साथ बड़े-बड़े गुंबद भी पानी में डूब चुके हैं. मंदिर में घुटनों के ऊपर तक पानी भर गया है. हालात को देखते हुए फिलहाल श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का यह हिस्सा कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है.

बाढ़ से निपटने में जुटा प्रशासन

नदी किनारे बसे इलाकों में हालात बेहद खराब हैं. आलम यह है कि प्रशासन की ओर से बनाई गई बाढ़ चौकियां भी पानी में डूब गई हैं. लोगों की सुरक्षा के लिए मुख्य सड़कों के किनारे हरे रंग के नेट लगाए गए हैं. वहीं, भरे हुए पानी को निकालने के लिए बड़े-बड़े पंप और पाइप लगाए गए हैं. फैजुल्लागंज सहित कई इलाकों में लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए लगातार राशन बांट रही है.