लखनऊ में 27 साल के कैफे मालिक शिवा शर्मा की मौत, लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप

यूपी तक

• 07:42 PM • 10 Oct 2026

Lucknow Shiva Sharma Death News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक 27 साल के कैफे संचालक की अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. मृतक की पहचान शिवा शर्मा के रूप में हुई है. इस मामले में उसकी मां रंजना शर्मा ने लिव-इन पार्टनर और उसकी बहन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Google CTA

Lucknow Shiva Sharma Death News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक 27 साल के कैफे संचालक की अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. मृतक की पहचान शिवा शर्मा के रूप में हुई है. इस मामले में उसकी मां रंजना शर्मा ने लिव-इन पार्टनर और उसकी बहन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का दावा है कि शिवा को पहले बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया और फिर बिल्डिंग से नीचे फेंक दिया गया. पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है. फिलहाल जांच की जा रही है कि युवक की मौत हादसे में हुई या उसे धक्का दिया गया था.

यह भी देखें...

अस्पताल पहुंचने पर नहीं मिला बेटा

घटना शुक्रवार रात हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की है. शिवा की मां रंजना शर्मा के मुताबिक रात करीब 8:30 बजे उनके पास रश्मि दुबे नाम की युवती का फोन आया. उसने बताया कि शिवा का एक्सीडेंट हो गया है और उसे लोहिया अस्पताल ले जाया जा रहा है. सूचना मिलने पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां शिवा नहीं मिला. करीब डेढ़ घंटे बाद उन्हें पता चला कि शिवा को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में शिफ्ट किया गया है. परिजनों के मुताबिक जब वे वहां पहुंचे तो एंबुलेंस के पास रश्मि की बहन श्रद्धा का ड्राइवर दानिश मौजूद था. परिवार का आरोप है कि वह फोन पर खुद को सौरव कश्यप बताता था. परिजनों को देखकर वह घायल शिवा और एंबुलेंस को छोड़कर फरार हो गया.

3 घंटे तक अस्पतालों के चक्कर काटती रही एंबुलेंस

परिजनों के अनुसार एंबुलेंस चालक ने बताया कि वह करीब तीन घंटे से घायल शिवा को लेकर लोहिया अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के बीच चक्कर लगा रहा था. मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवा को मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद परिवार ने उसकी मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. मां रंजना शर्मा का आरोप है कि उनके बेटे के साथ पहले बर्बरता की गई और फिर उसे चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया. हालांकि, पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है. मामले की जांच की जा रही है.

मां का दावा- शरीर पर चोट और जलाने के निशान

शिवा की मां रंजना शर्मा ने दावा किया कि उनके बेटे के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे. उनके मुताबिक शिवा की दोनों आंखों पर चोट लगी थी और उसका जबड़ा टूटा हुआ था. कान और नाक से खून बह रहा था. मां ने पसलियां और टांग टूटने के साथ ही शरीर पर सिगरेट से दागने और खरोंचने के निशान होने का भी आरोप लगाया है. परिवार का कहना है कि शिवा के साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई थी. ये सभी आरोप परिजनों की ओर से लगाए गए हैं. इनकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

लिव-इन पार्टनर की बहन पर प्रताड़ित करने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि श्रद्धा दुबे पिछले चार से पांच महीनों से शिवा को परेशान कर रही थी. परिवार के मुताबिक उसे मारपीट करने, झूठे मुकदमे में फंसाने और बदनाम करने की धमकियां दी जाती थीं. मां ने दावा किया कि करीब एक सप्ताह पहले श्रद्धा उनकी दुकान पर भी आई थी. उस दौरान उसने कथित तौर पर शिवा को उसके हवाले करने की बात कही थी और ऐसा नहीं करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी. परिवार का यह भी आरोप है कि आरोपियों की ओर से उनके घर और दुकान की रेकी कराई जा रही थी. फिलहाल पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है.

पुलिस ने दर्ज किया केस

इस मामले में एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि युवक चौथी मंजिल से गिरा था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शिवा को बिल्डिंग से धक्का दिया गया था या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह थी. इसके लिए तकनीकी और फॉरेंसिक पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. फिलहाल शिवा की मौत को लेकर परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच जारी है.

जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

27 वर्षीय शिवा शर्मा की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. परिवार ने लिव-इन पार्टनर और उसकी बहन पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है. शिवा के शरीर पर चोटों को लेकर मां ने जो दावे किए हैं, उनकी पुष्टि जांच और मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर होनी बाकी है. पुलिस तकनीकी और फॉरेंसिक पहलुओं की पड़ताल कर रही है. अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि शिवा चौथी मंजिल से दुर्घटनावश गिरा था या उसे नीचे धकेला गया. फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है.