Mithila Chaturvedi DSP Promotion News: उत्तर प्रदेश पुलिस की अधिकारी मिथिला चतुर्वेदी ने संघर्ष और मेहनत के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. करीब 37 साल की सेवा के बाद उन्हें डिप्टी एसपी (लिपिक) के पद पर पदोन्नति मिली है. पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में सीआईडी के डीजी विनोद कुमार सिंह ने उन्हें डीएसपी का बैज पहनाया. कंधे पर नए सितारे सजते ही मिथिला भावुक हो गईं और मंच पर ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. इस दौरान वहां मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया. इटावा की रहने वाली मिथिला की यह कामयाबी मुश्किल हालात से निकलकर अपनी पहचान बनाने की प्रेरक कहानी है.
यह भी पढ़ें- देव दीपावली पर 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे काशी के घाट, 2100 ड्रोन दिखाएंगे आसमान में अद्भुत नजारा
ADVERTISEMENT
शादी के 9 दिन बाद पति का निधन
मिथिला चतुर्वेदी का जन्म 30 अक्टूबर 1968 को हुआ था. साल 1988 में उनकी शादी यूपी पुलिस के एक सिपाही से हुई थी. लेकिन शादी के महज नौ दिन बाद ही उनके पति का असमय निधन हो गया. इस घटना ने उनकी जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया. मुश्किल समय में उन्होंने हार मानने के बजाय खुद को संभाला और आत्मनिर्भर बनने का फैसला किया. पति के निधन के बाद उन्हें अनुकंपा के आधार पर 28 नवंबर 1989 को यूपी पुलिस में आरक्षी के पद पर नियुक्ति मिली. यहीं से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की और मेहनत के साथ आगे बढ़ती रहीं.
यह भी पढ़ें- हापुड़ के सरकारी स्कूलों में 30-35 लोगों के साथ पहुंचे CJP नेता सौरभ दास, बाहरी एंट्री पर रोक के बावजूद बनाया वीडियो?
आरक्षी से DSP तक का सफर कैसा रहा?
मिथिला को वर्ष 1993 में सहायक सब इंस्पेक्टर (लिपिक) के पद पर प्रमोशन मिला. इसके बाद 2016 में वह सब इंस्पेक्टर (लिपिक) और 2021 में इंस्पेक्टर (लिपिक) बनीं. अब लगभग 37 साल की बेदाग सेवा और समर्पण के बाद उन्हें डीएसपी (लिपिक) बनाया गया है. फिलहाल वह सीआईडी मुख्यालय में तैनात हैं. पिपिंग सेरेमनी में डीजी सीआईडी विनोद कुमार सिंह ने उन्हें बैज पहनाकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. अधिकारियों और सहकर्मियों ने उनके लंबे सफर की सराहना करते हुए इसे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायक बताया.
ADVERTISEMENT











