तेजी से बढ़ रहे कोरोना के केस, लखनऊ में चार दिन में इतने लोगों की रिपोर्ट मिली पॉजिटिव

आशीष श्रीवास्तव

• 03:28 PM • 31 May 2025

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है. गोमतीनगर इलाके में 20 साल के एक युवक की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है.

Covid-19

Representative Image

Google CTA

Covid Cases in Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है. गोमतीनगर इलाके में 20 साल के एक युवक की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है. महज चार दिनों के भीतर लखनऊ में तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. इनमें एक बुजुर्ग और एक महिला भी शामिल हैं. प्रदेश में बढ़ते मामलों ने एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है.
  
लखनऊ के गोमतीनगर विशाल खंड में रहने वाले 20 साल के युवक को पिछले चार दिनों से तेज बुखार, जुकाम और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी. इन लक्षणों को देखते हुए डॉक्टर ने उसे कोविड-19 की जांच कराने की सलाह दी. शुक्रवार की शाम को एक निजी लैब में उसकी सैंपल की जांच की गई जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई. लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एन.बी. सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि युवक को तुरंत होम आइसोलेशन में रखा गया है और उसकी हालत स्थिर है.
 
यह युवक लखनऊ में चार दिनों के भीतर तीसरा कोरोना पॉजिटिव मरीज है. इससे पहले शहर में एक 60 साल के बुजुर्ग और 53 साल की एक महिला भी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे. इन दोनों मरीजों की भी हालत स्थिर बताई जा रही है और वे होम आइसोलेशन में हैं. 

यह भी पढ़ें...

प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति

लखनऊ में फिलहाल दो एक्टिव कोविड-19 केस हैं. लेकिन पूरे उत्तर प्रदेश में स्थिति कुछ चिंताजनक बनी हुई है. बीते 24 घंटों में प्रदेश में 25 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में कुल एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 142 हो गई है. स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए लोगों से कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है. मास्क पहनना, सोशल डिस्टेंसिंग और बार-बार हाथ धोना जैसे नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है.