Lucknow New Assembly Building: लखनऊ के गोमती नगर स्थित सहारा शहर में उत्तर प्रदेश के नए विधानसभा परिसर का निर्माण किया जाएगा. सहारा शहर में प्रस्तावित नए विधान भवन का एनिमेटेड लुक सामने आ गया है. इसे कमल के आकार में डिजाइन किया गया है. मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर इसकी आधिकारिक जानकारी शेयर की है. 200 एकड़ में फैलने वाले इस विश्व स्तरीय परिसर में 700 विधायकों के बैठने की क्षमता वाली विधानसभा और 200 सदस्यों के लिए विधान परिषद का निर्माण किया जाएगा.
ADVERTISEMENT
कमल के आकार में बनेगा विश्व स्तरीय परिसर
राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित सहारा शहर में 200 एकड़ क्षेत्रफल में नया विधानमंडल परिसर विकसित किया जाएगा. इसका मुख्य आकर्षण कमल के फूल से प्रेरित इसका भव्य वास्तुशिल्प होगा. यह ऐतिहासिक परियोजना उत्तर प्रदेश के आधुनिक शासन, इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है.
1000 सीटों का संयुक्त हॉल
नए परिसर को मॉर्डन तकनीक और भविष्य के परिसीमन को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. नए सदन में 700 विधायकों के बैठने की व्यवस्था होगी. विधान परिषद के लिए 200 सीटों का निर्माण किया जाएगा. दोनों सदनों के संयुक्त सत्र और विशेष सरकारी आयोजनों के लिए 1000 सदस्यों की क्षमता वाला एक विशाल हॉल तैयार होगा. परिसर के भीतर 5,000 से अधिक वाहनों की पार्किंग, चौड़ी सड़कें और ग्रीन बेल्ट विकसित किए जाएंगे.
अत्याधुनिक डिजिटल सुविधाएं और जिला प्रतिनिधि केंद्र
नई इमारत में सुरक्षा के कड़े इंतजामों के साथ-साथ अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके अलावा नई इमारत की खास बात यह होगी कि इसमें प्रदेश के प्रत्येक जिले के प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग चर्चा और संवाद की व्यवस्था भी प्रस्तावित की गई है.
अगले साल से शुरू हो सकता है निर्माण कार्य
मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी द्वारा शेयर की गई जानकारी के अनुसार, इस परियोजना का निर्माण कार्य अगले साल से शुरू होने की उम्मीद है. नए विधान भवन के निर्माण से लखनऊ को एक नई वैश्विक पहचान मिलेगी.
ADVERTISEMENT











