कानपुर में पोस्ट ऑफिस में सालों तक जमा करते रहे पैसा, मैच्योरिटी पर खाते में निकला जीरो बैलेंस

सिमर चावला

• 10:10 AM • 16 Nov 2026

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर में डाकघर की बचत योजनाओं में जमा लोगों की रकम के साथ कथित हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है. ग्रामीण सालों तक पोस्ट ऑफिस की अलग-अलग योजनाओं में अपनी बचत जमा करते रहे, लेकिन जब पैसा निकालने या पॉलिसी मैच्योर होने का समय आया तो उन्हें पता चला कि खाते में रकम दर्ज ही नहीं है.

Kanpur Post Office News

Kanpur Post Office News

Google CTA

Kanpur Post Office News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर में डाकघर की बचत योजनाओं में जमा लोगों की रकम के साथ कथित हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है. ग्रामीण सालों तक पोस्ट ऑफिस की अलग-अलग योजनाओं में अपनी बचत जमा करते रहे, लेकिन जब पैसा निकालने या पॉलिसी मैच्योर होने का समय आया तो उन्हें पता चला कि खाते में रकम दर्ज ही नहीं है. कुछ लोगों के नाम पर तो डाकघर में खाता तक नहीं खोला गया था. अब तक 25 से अधिक लोगों की आधिकारिक शिकायतें सामने आने की जानकारी है. आशंका है कि इस मामले में प्रभावित खाताधारकों की संख्या और बढ़ सकती है. पुलिस ने मामले में घाटमपुर उपडाकघर के डाक सहायक शिवम सचान और तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल राकेश कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया है.

यह भी पढ़ें...

मैच्योरिटी पर खुली हेराफेरी की पोल

लोगों ने डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं में भरोसा करके लंबे समय तक पैसे जमा किए थे. उन्हें उम्मीद थी कि योजना की अवधि पूरी होने पर जमा रकम ब्याज के साथ वापस मिल जाएगी. लेकिन जब खाताधारक भुगतान लेने पहुंचे तो उन्हें जमा राशि का रिकॉर्ड नहीं मिला. कुछ मामलों में खातों के मौजूद होने पर भी सवाल खड़े हो गए. अब तक 25 से ज्यादा लोगों की आधिकारिक शिकायतें सामने आई हैं. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि खाताधारकों से ली गई रकम वास्तव में विभागीय खातों में जमा कराई गई थी या नहीं. आशंका है कि इस गड़बड़ी का दायरा अभी सामने आई शिकायतों से बड़ा हो सकता है.

यह भी पढ़ें- बॉयफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए GF ने अपने ही घर की खाली कर दीं तिजोरियां, सतेंद्र महंगे बाइक और फोन से बनाता था

 

एक कर्मचारी की यूजर आईडी से निकली रकम

डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने रविवार को बताया कि घाटमपुर उपडाकघर में अलग-अलग बचत योजनाओं के तहत जमा कराई गई रकम में करोड़ों रुपये की अनियमितता सामने आई है. विभागीय जांच में डाक सहायक शिवम सचान और तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल राकेश कुमार मिश्रा की भूमिका उजागर हुई. जांच के अनुसार खातों से रकम निकालने के लिए शिवम सचान की यूजर आईडी का इस्तेमाल किया गया, जबकि लेनदेन को सत्यापित करने के लिए राकेश कुमार मिश्रा की सुपरवाइजरी यूजर आईडी का उपयोग हुआ. आरोप है कि दोनों ने अपने पद और विभागीय अधिकारों का दुरुपयोग कर खातों से रकम निकाली.

दिवंगत दंपती के खाते से निकाले गए 7.13 लाख रुपये

मामले की जांच आकांक्षा चौरसिया की शिकायत के बाद शुरू हुई थी. उन्होंने अपने दिवंगत माता-पिता जितेंद्र कुमार चौरसिया और अर्चना चौरसिया के संयुक्त बचत खाते से उनकी मृत्यु के बाद रुपये निकाले जाने की शिकायत की थी. जांच में सामने आया कि 23 जनवरी 2025 को खाते से 4 लाख 15 हजार रुपये और 28 मई 2025 को 2 लाख 98 हजार रुपये निकाले गए. दोनों लेनदेन को मिलाकर कुल 7 लाख 13 हजार रुपये निकाले गए थे. रिकॉर्ड की पड़ताल में इन निकासियों के लिए शिवम सचान और राकेश कुमार मिश्रा की यूजर आईडी का इस्तेमाल सामने आया.

यह भी पढ़ें- यूपी के युवाओं को योगी सरकार की बड़ी सौगात, 50 हजार स्टूडेंट्स को मिले टैबलेट

 

दोनों कर्मचारी किए गए थे सस्पेंड

डाक विभाग की आंतरिक जांच में दोनों कर्मचारियों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था. इसके बाद कार्यालय अधीक्षक रवि कुमार ने घाटमपुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की. इस शिकायत के आधार पर शनिवार को दोनों कर्मचारियों के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज कराई गईं. पुलिस ने रविवार को शिवम सचान और राकेश कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित गबन में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया.

कितने लोगों की रकम हुई प्रभावित

डीसीपी साउथ के मुताबिक मामले में अब आगे की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित हेराफेरी से कुल कितने खाताधारक प्रभावित हुए हैं और अब तक कितनी रकम का गबन किया गया. 25 से अधिक शिकायतें सामने आने के बाद जांच का दायरा बढ़ने की आशंका है. पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि बचत योजनाओं में जमा कराई गई रकम खातों में दर्ज क्यों नहीं हुई और लेनदेन में इस्तेमाल की गई यूजर आईडी के जरिए कितनी निकासी की गई.