नौकरानी से शादी के बाद भाई बना दुश्मन! मसारिक ने तारिक को मार डाला, घर में गाड़कर ऊपर बिछा दीं टाइल्स
अजय झा
• 06:02 PM • 04 Mar 2026
झांसी में भाई की हत्या का खौफनाक मामला: मसारिक ने नौकरानी से शादी के विरोध पर भाई तारिक को मारा, घर के आंगन में शव गाड़कर 100 किलो नमक डाला और ऊपर से टाइल्स बिछा दीं.
ADVERTISEMENT


1/7
|
झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा मोहल्ले में हुए चर्चित भाई हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. आरोपी के साले की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड की जो परतें खोली हैं वे चौंकाने वाली हैं. प्रेमनगर पुलिस ने मुख्य आरोपी मसारिक बेग के साले तालिब उर्फ असद खान को गिरफ्तार कर लिया है. वह पिछले 11 दिनों से मध्य प्रदेश के निवाड़ी और महोबा में छिपकर पुलिस को चकमा दे रहा था. तालिब ने कबूल किया कि बड़े भाई तारिक की हत्या की साजिश 26 जनवरी के बाद ही रच ली गई थी. साजिश के तहत मां के घर से बाहर जाने का इंतजार किया गया और उनके जाते ही अगले दिन भोर में वारदात को अंजाम दिया गया.


2/7
|
तारिक के लापता होने के बाद जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि छोटे भाई मसारिक ने भारी मात्रा में नमक खरीदा था. एक मध्यमवर्गीय परिवार में इतनी ज्यादा मात्रा में नमक की जरूरत ने पुलिस के मन में गहरा शक पैदा कर दिया. 19 फरवरी को जब मसारिक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया, तो वह अपने बयानों में उलझता चला गया. इसी नमक के सुराग ने पुलिस को हत्या के राज तक पहुंचने में सबसे बड़ी मदद की.
ADVERTISEMENT


3/7
|
देर रात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जब घर के पीछे खुदाई कराई गई, तो करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद जमीन में दबाया गया तारिक का शव बरामद हुआ. आरोपी ने शव को जल्दी गलाने के इरादे से कब्र में भारी मात्रा में नमक डाला था. शव को दफनाने के बाद ऊपर से इंटरलॉकिंग टाइल्स दोबारा लगा दी गई थीं ताकि किसी को खुदाई का शक न हो और वह कानून की नजरों से बच सके.


4/7
|
जांच में सामने आया कि परिवार के पास करोड़ों की कीमती संपत्ति थी, जिसमें दो प्लॉट और दो मंजिला मकान शामिल था. दोनों भाइयों के बीच संबंध तब बिगड़े जब मसारिक की जिंदगी में घर की नौकरानी मुस्कान की एंट्री हुई. मसारिक ने 8 दिसंबर को मुस्कान से प्रेम विवाह कर लिया था, लेकिन बड़ा भाई तारिक इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था. इसी विरोध और संपत्ति पर कब्जे की नीयत ने घर में तनाव को चरम पर पहुंचा दिया था.
ADVERTISEMENT


5/7
|
शुरुआत में मसारिक ने पुलिस को बताया कि 9 फरवरी की सुबह चाय को लेकर हुए विवाद में उसने गुस्से में कुल्हाड़ी से वार किया. हालांकि, पुलिस अब इसे पूर्व नियोजित मान रही है. हत्या के बाद आरोपियों ने बड़ी चालाकी से खून के निशान मिटाए, वारदात में इस्तेमाल गद्दा और कपड़े जला दिए. आरोपी ने खुद ही थाने जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई ताकि पुलिस की जांच की दिशा भटक जाए और वह बेकसूर बना रहे.


6/7
|
वारदात को अंजाम देने के बाद मसारिक ने लगातार आठ दिनों तक अपनी मां और मामा को यह कहकर भ्रमित किया कि भाई कहीं लापता हो गया है. वह खुद भाई को तलाश करने का नाटक करता रहा, जबकि हकीकत में उसने भाई को घर के पीछे ही दफन कर दिया था. इसी ड्रामे के दौरान उसकी पत्नी मुस्कान फरार होने में कामयाब रही. आरोपी ने हर कदम पर परिवार और पुलिस को धोखा देने की पूरी कोशिश की.
ADVERTISEMENT


7/7
|
प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय के मुताबिक, साले की गिरफ्तारी के बाद अब जांच की दिशा पूरी तरह स्पष्ट हो गई है. वारदात में छोटे भाई मसारिक के साथ उसकी पत्नी मुस्कान और साले तालिब की सक्रिय भूमिका सामने आई है. मुस्कान फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस का मानना है कि मुस्कान की गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड से जुड़े और भी कई गहरे राज सामने आ सकते हैं.
ADVERTISEMENT










