गोरखपुर में होली के दिन एक दर्दनाक 'हिट एंड रन' मामला सामने आया है, जिसमें सत्ता के नशे में चूर एक नेता ने अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से कई लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एक होनहार छात्र की जान चली गई. यह घटना होली की रात करीब 9:00 से 9:30 बजे के बीच गोरखपुर के कुद्दीपुर ओवरब्रिज पर हुई. आरोपी नेता अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से ओवरब्रिज पर रॉन्ग साइड (गलत दिशा) से आ रहा था. उसने तेजी से आते हुए कई गाड़ियों को टक्कर मारी, जिसमें एक स्कूटी सवार छात्र भी शामिल था. टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र की लाश डिवाइडर की रेलिंग पर जाकर लटक गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
कौन था मृतक?
मृतक का नाम आकाश पांडे था. वह गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस (MBBS) थर्ड ईयर का छात्र था.
कौन है आरोपी 'गोल्डन निषाद'?
आरोपी का नाम गोल्डन निषाद (उर्फ गोल्डन साहनी या गोल्डन प्रधान) है. वह खुद को भावी ब्लॉक प्रमुख बताकर इलाके में अपना 'भौकाल' जमाता था और ग्रामीण क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था. वह कैबिनेट मंत्री संजय निषाद की निषाद पार्टी से जुड़ा हुआ है. सोशल मीडिया पर उसकी बड़े नेताओं और वीआईपी के साथ कई तस्वीरें मौजूद हैं.
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाली और आरोपी गोल्डन साहनी को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT









