Gonda Road Accident: पति की मौत के 6 महीने बाद महिला की सड़क हादसे में मौत, नवजात बच्ची ने भी तोड़ा दम

Newzo

• 12:26 PM • 27 May 2026

Gonda News: गोंडा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. प्रसव से लौट रहे टेम्पो की टक्कर में घायल महिला की लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई, जबकि अस्पताल में जन्मी नवजात बच्ची ने भी कुछ देर बाद दम तोड़ दिया. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है.

Gonda Crime News

Gonda Crime News

Google CTA

Gonda News: बालपुर जाट के पास टेम्पो और अज्ञात वाहन की टक्कर में मीरा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, लखनऊ ले जाते समय उनकी मौत हो गई.वहीं प्रसूता सविता ने बच्ची को जन्म दिया, लेकिन जन्म के कुछ देर बाद नवजात ने भी दम तोड़ दिया.

यह भी पढ़ें...

 बालपुर जाट के पास मंगलवार रात करीब 9 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. टेम्पो और अज्ञात वाहन की आमने-सामने की टक्कर में कई लोग घायल हो गए, जबकि एक महिला की मौत हो गई. वहीं, एक नवजात बच्ची ने भी जन्म के कुछ देर बाद दम तोड़ दिया.

जानकारी के अनुसार, सिकिहा गांव निवासी अर्जुन अपनी पत्नी सविता को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल लेकर गए थे. उनके साथ गांव की मीरा देवी पत्नी स्वर्गीय रामगोपाल और आशा बहू पुष्पा सिंह भी मौजूद थीं. अस्पताल से लौटते समय बालपुर जाट के पास उनका टेम्पो हादसे का शिकार हो गया.

हादसे में मीरा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. उनका दाहिना हाथ कट गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मीरा देवी को लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि टेम्पो चालक मोहम्मद उस्मान उर्फ करिया नशे की हालत में वाहन चला रहा था. चालक के मुताबिक, टेम्पो में एक बुजुर्ग व्यक्ति भी सवार थे, जिनके बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है. पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है.

मीरा देवी के परिवार पर पहले से ही दुखों का साया था. करीब छह महीने पहले उनके पति रामगोपाल का निधन हो चुका था. उनके तीन बेटे हैं और तीनों की शादी हो चुकी है. अब इस हादसे ने परिवार को एक बार फिर गहरे दुख में डाल दिया.उधर, प्रसूता सविता ने रात में एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन जन्म के कुछ ही देर बाद नवजात की भी मौत हो गई. हादसे और नवजात की मृत्यु के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.