बेटी को जहर देकर मार डाला...! गाजीपुर में मुस्कान की मां ने खाने में कीटनाशक मिलाकर की हत्या, फिर युवक पर लगा दिया आरोप

विनय कुमार सिंह

• 08:33 AM • 03 Jul 2026

गाजीपुर ऑनर किलिंग मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में सामने आया कि सामाजिक बदनामी के डर से मां ने बेटी के खाने में कीटनाशक मिलाकर हत्या कर दी. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Ghazipur Honor Killing Case

Ghazipur Honor Killing Case

Google CTA

Ghazipur Honor Killing Case: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में युवती की संदिग्ध मौत का मामला पुलिस जांच में ऑनर किलिंग निकला है. पुलिस के अनुसार, सामाजिक बदनामी के डर से एक मां ने अपनी ही बेटी के खाने में कीटनाशक मिलाकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद खुद को बचाने के लिए उसने गांव के एक युवक पर झूठा आरोप लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी जांच और पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो गया. पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया है.

यह भी पढ़ें...

संदिग्ध मौत से शुरू हुई जांच

यह मामला गाजीपुर के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के घटारो गांव का है. 21 जून को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. शुरुआती शिकायत के आधार पर मामला आत्महत्या के लिए उकसाने का माना गया. इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की. हालांकि, जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कई ऐसे तथ्य सामने आए जिनसे पूरे मामले की दिशा बदल गई और हत्या की साजिश का खुलासा हुआ.

पहले गांव के युवक पर लगाया आरोप

पुलिस के मुताबिक 22 जून को मृतका की मां पुष्पा देवी ने गांव के एक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने उनकी बेटी मुस्कान को आत्महत्या के लिए उकसाया, जिसके कारण उसने जहरीला पदार्थ खा लिया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी, लेकिन बाद में मिले साक्ष्यों ने इस कहानी को गलत साबित कर दिया.

नोएडा से लौटने के बाद रची साजिश

जांच के दौरान सर्विलांस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों से पता चला कि युवती घटना से एक-दो दिन पहले नोएडा से अपने घर लौटी थी. पुलिस के अनुसार, वह वहां उसी युवक के साथ रह रही थी, जिसके खिलाफ बाद में शिकायत दर्ज कराई गई. जांच में यह भी सामने आया कि युवती पहले भी कई बार घर छोड़कर जा चुकी थी. बेटी की गतिविधियों से नाराज और सामाजिक बदनामी के डर से आरोपी मां ने घटना वाले दिन उसके भोजन में कीटनाशक मिला दिया. खाना खाने के कुछ ही समय बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पूछताछ में मां ने स्वीकार किया अपराध

एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सर्विलांस, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर यह स्पष्ट हो गया कि युवती की हत्या उसकी मां ने ही की थी. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी मां ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच से जुड़े सभी साक्ष्यों को अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है.